Maharashtra FDA Action: जुहू के इस्कॉन मंदिर के प्रसाद में कीड़े? FDA रेड के बाद किचन बंद

Maharashtra FDA Action: जुहू के इस्कॉन मंदिर के प्रसाद में कीड़े? FDA रेड के बाद किचन बंद

मुंबई के जुहू इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर के किचन पर फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने कार्रवाई की है। लगातार चल रही रेड के तहत जुहू स्थित प्रभु राधा कृष्ण के इस्कॉन मंदिर का किचन भी जांच के दायरे में आया। निरीक्षण के दौरान गोविंदा रेस्टोरेंट के किचन में कई अनियमितताएं मिलीं, जिनमें अधिकतर साफ-सफाई से जुड़ी थीं।

इसके बाद रेस्टोरेंट को नोटिस दिया गया और उसका लाइसेंस रद्द कर दिया गया। वहीं, महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जुहू स्थित इस्कॉन परिसर की तीन खाद्य इकाइयों के लाइसेंस निलंबित किए हैं।

3 सितंबर को हुआ था खाद्य इकाइयों का निरीक्षण

FDA ने 3 सितंबर 2026 को हरे कृष्णा लैंड, जुहू स्थित इन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था। जांच में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, कीट नियंत्रण, खाद्य भंडारण और कर्मचारियों से जुड़े नियमों में गंभीर कमियां सामने आईं।

मुख्य खाद्य इकाई में भोजन तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी की नियमित गुणवत्ता जांच के रिकॉर्ड नहीं मिले। कच्चे माल की पर्याप्त जांच नहीं की जा रही थी और उसका उचित तापमान व आर्द्रता में भंडारण भी नहीं हो रहा था।

खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री को रखने का तरीका भी ऐसा पाया गया, जिससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा था। इसके अलावा सफाई के तय शेड्यूल का पालन नहीं होने और कीटों की मौजूदगी के प्रमाण भी मिले। मापने और निगरानी करने वाले उपकरणों का नियमित कैलिब्रेशन भी नहीं किया जा रहा था।

किचन के बैक-गेट पर भी मिलीं खामियां

इस्कॉन फूड सर्विसेज-रेस्टोरेंट की जांच के दौरान रसोई के पिछले हिस्से का प्रवेश द्वार खुला मिला। वहां कीटों की रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।

जांच में पर्याप्त रोशनी का अभाव, खाद्य पदार्थों की जांच और सफाई से जुड़ी कमियां, जाम नालियां, खाद्य अवशेष और कीटों के प्रमाण भी मिले।

इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल परीक्षण, टीकाकरण और प्रशिक्षण से संबंधित रिकॉर्ड में भी कमियां पाई गईं।

गोविंदास रेस्टोरेंट में खाद्य जांच और सफाई व्यवस्था पर सवाल

इस्कॉन गोविंदास रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों और पीने के पानी की नियमित जांच, कच्चे माल की जांच और सफाई व्यवस्था में गंभीर कमियां मिलीं।

कच्चे, पके और शाकाहारी खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी। इससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा था।

जांच में ड्रेन जाम मिले। ग्रीस और कॉकरोच ट्रैप की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी। खाद्य कर्मचारियों के आवश्यक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और प्रशिक्षण रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।

7 सितंबर को FDA ने की लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई

निरीक्षण रिपोर्ट और तस्वीरों की समीक्षा के बाद FDA ने सार्वजनिक स्वास्थ्य के हित में 7 सितंबर को लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।

इस कार्रवाई के बाद संबंधित खाद्य इकाइयों का संचालन आवश्यक सुधार और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित होने तक प्रभावित रहेगा।

इस्कॉन ने कहा- सुधार होने तक किचन बंद रहेगा

इस कार्रवाई पर इस्कॉन की ओर से सहयोग और सुधार की बात कही गई है। इस्कॉन के मुताबिक, जब तक सभी नियमों को दोबारा स्थापित नहीं किया जाता, तब तक किचन बंद रखा जाएगा।

जुहू इस्कॉन के वाइस प्रेसिडेंट गोकुलेश्वर दास ने कहा कि मंदिर प्रशासन इस कार्रवाई को सकारात्मक तौर पर ले रहा है। उन्होंने कहा कि किचन खुलने के बाद भक्त चाहें तो आकर विजिट कर सकते हैं।

पदाधिकारी के मुताबिक, निलंबन की कार्रवाई खाने की गुणवत्ता पर नहीं हुई है, बल्कि कुछ प्रसाद खुले में रखा था, इसलिए इस पर एक्शन लिया गया। उन्होंने भविष्य में भक्तों को इससे भी अच्छा प्रसाद उपलब्ध कराने का वादा किया।