प. बंगाल में बीजेपी ने सुनील बंसल की अगुवाई में संगठन मज़बूत करने का काम शुरु किया

Authored By: News Corridors Desk | 07 May 2025, 06:21 PM
news-banner
नवंबर में बिहार के बाद पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं, और इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ममता बनर्जी की सत्ता को चुनौती देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और बंगाल प्रभारी सुनील बंसल ने मैदान संभाल लिया है। हाल ही में कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश संगठन की अहम बैठक हुई, जिसमें प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे, प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, संगठन महामंत्री अमिताभ चक्रवर्ती और सह प्रभारी अमित मालवीय सहित कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।

संगठन के चाणक्य: सुनील बंसल

भाजपा में सुनील बंसल को एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है। पार्टी में उनकी छवि एक रणनीतिकार या ‘चाणक्य’ जैसी मानी जाती है। 2014 से उनका विजय अभियान उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने तत्कालीन पार्टी प्रभारी अमित शाह के साथ मिलकर संगठन में जान फूंकी और पार्टी को 71 सीटों पर जीत दिलाई।

यूपी से लेकर उड़ीसा और तेलंगाना तक की सफलताएं

सुनील बंसल की रणनीतियों ने उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 के लोकसभा चुनाव और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार बड़ी जीत दिलाई।

उनकी रणनीतिक भूमिका उड़ीसा में भी नजर आई, जहां उन्होंने नवीन पटनायक की मजबूत पकड़ वाले गढ़ में भाजपा को जमीन दिलाई। तेलंगाना में भी भाजपा को 17 में से 8 लोकसभा सीटों पर जीत दिलवाने में उनका अहम योगदान रहा।

ममता दीदी की सत्ता को चुनौती

अब पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सुनील बंसल की भूमिका बेहद अहम हो गई है। ‘एक देश, एक चुनाव’ जैसे मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ वे हर उपलब्ध समय में बंगाल संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। बंगाल भाजपा में नई ऊर्जा और दिशा देने के लिए उनका अनुभव और रणनीति सबसे बड़ा हथियार बन सकता है।

भाजपा एक्टिव मोड में

पार्टी अब पूरे एक्टिव मोड में नजर आ रही है। संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, बूथ स्तर तक संपर्क स्थापित किए जा रहे हैं, और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता दी जा रही है। सुनील बंसल के नेतृत्व में भाजपा को उम्मीद है कि वह ममता बनर्जी की सत्ता को इस बार बड़ी चुनौती देने में सफल रहेगी।