रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ के दूसरे पार्ट की रिलीज को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने पुष्टि कर दी है कि ‘रामायण 2’ तय समय पर रिलीज नहीं होगी। फिल्म को बेहतर तरीके से तैयार करने के लिए मेकर्स ने इसे एक साल आगे बढ़ाने का फैसला किया है। ऐसे में अब दर्शकों को दूसरे पार्ट के लिए 2028 तक इंतजार करना होगा।
पहले ‘रामायण 2’ को दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना थी। हालांकि, नमित मल्होत्रा का कहना है कि वह फिल्म को जल्दबाजी में पूरा नहीं करना चाहते। जिस तरह पहले पार्ट को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, उसी तरह दूसरे पार्ट को भी समय देना जरूरी है।
नमित मल्होत्रा ने क्यों टाली ‘रामायण 2’ की रिलीज?
फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इसके पहले ही दिन नमित मल्होत्रा ने दूसरे पार्ट की रिलीज आगे बढ़ने की जानकारी दी। E! News को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि दुनियाभर में फिल्म को लेकर उत्साह को देखते हुए मेकर्स इसके फाइनल पार्ट को शानदार तरीके से पेश करना चाहते हैं।
नमित मल्होत्रा ने कहा, “चूंकि दुनिया भर में इसको लेकर काफी उत्साह है, इसलिए हम थोड़ा और समय लेना चाहते हैं ताकि जब हम ग्रैंड फिनाले पेश करें, तो हमारे पास पार्ट वन की तरह ही काम करने के लिए पर्याप्त समय हो.”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा मानना है कि इतने बड़े पैमाने की फिल्म के साथ पूरा न्याय करने के लिए हमें एक और साल चाहिए. जब ’पार्ट 2’ आएगा, तो वो बिल्कुल एक अलग ही कहानी होगी. हम कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते और समय से आगे नहीं भागना चाहते. फिनाले (फाइनल पार्ट) को हम शानदार तरीके से पेश करना चाहते हैं.”
क्या ‘रामायण’ का तीसरा पार्ट भी बनेगा?
‘रामायण’ प्रोजेक्ट की शुरुआत के समय इसे तीन पार्ट यानी ट्रिलॉजी के रूप में बनाने की योजना थी। हालांकि, बाद में मेकर्स ने इसे दो पार्ट में ही आगे बढ़ाने का फैसला किया।
अब नमित मल्होत्रा ने एक अन्य इंटरव्यू में फिर से तीन पार्ट बनाने की संभावना पर भी बात की है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हम फिर से योजना पर विचार कर सकते हैं और देख सकते हैं कि क्या कुछ और जोड़ने या हटाने की जरूरत है. ये इस बात पर निर्भर करेगा कि दुनिया ने इसे कैसे लिया है, क्योंकि हमारे पास एक ही फिल्म के दो अलग-अलग वर्जन हैं, और पार्ट वन के ही दो अलग-अलग रनटाइम हैं.”
फिलहाल ‘रामायण 2’ की रिलीज आगे बढ़ने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, तीसरे पार्ट को लेकर मेकर्स की ओर से कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।