Yoga: इस जगह बना भुजंग आसन का एशिया रिकॉर्ड

Date: 2026-05-02
news-banner

दिल्ली। मोतियों की नगरी हैदराबाद में योग महोत्सव 2026 के मुख्य आयोजन से 50 दिन पहले 6,000 लोगों ने भुजंग आसन कर एशिया रिकॉर्ड बनाया।

आयुष मंत्रालय के अधीन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान MDNIY द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम कान्हा शांति वनम में हुआ जहां 6000 से अधिक प्रतिभागियों ने एक साथ भुजंगासन का अभ्यास किया जिससे एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना और यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुई क्योंकि इस आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एक साथ आसन करने वाले सबसे बड़े समूह के रूप में दर्ज किया गया।

केंद्रीय मंत्री हुए शामिल

इस कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री  जी. किशन रेड्डी उपस्थित थे। रेड्डी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “योग केवल भारत की प्राचीन विरासत ही नहीं, बल्कि मानवता के लिए एक अनमोल उपहार है। आज विश्वभर में नेता, पेशेवर और आम लोग योग का अभ्यास करते हैं और इससे लाभ उठाते हैं।”

आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग समग्र कल्याण के लिए एक वैश्विक आंदोलन के रूप में विकसित हुआ है जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देता है।”

अगला योग महोत्सव खजुराहो में

प्रतापराव जाधव ने घोषणा की कि अंतराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की उलटी गिनती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला अगला योग महोत्सव मध्य प्रदेश के खजुराहो में आयोजित किया जाएगा जो भारत की सांस्कृतिक विरासत, वास्तुकला और स्वास्थ्य संबंधी परंपराओं के संगम का प्रतीक है।

विदेशी भी हुए शामिल

कजाकिस्तान, लेसोथो, बुल्गारिया, क्यूबा, ​​नामीबिया, यूनाइटेड किंगडम, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित 20 से अधिक देशों के दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों ने इस योग कार्यक्रम में भाग लिया।

Leave Your Comments