WestBengalElection2026 : पश्चिम बंगाल में 4 मई 2026 को होने वाली मतगणना से पहले सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। जैसे-जैसे नतीजों का समय नजदीक आ रहा है, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने काउंटिंग प्रक्रिया को लेकर गंभीर चिंताएं जताई हैं और चुनाव व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया कि मतगणना ड्यूटी में लगे कई अधिकारी अपनी तैनाती से जुड़ी संवेदनशील जानकारी बाहर साझा कर रहे हैं। उनके अनुसार, कुछ कर्मचारी अपने विभाग से जुड़े संगठनों, यूनियनों या एसोसिएशनों के साथ यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि उन्हें किस केंद्र पर नियुक्त किया गया है, उनकी भूमिका क्या है और वे किस जिम्मेदारी के तहत काम कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्प्रेडशीट और लिस्ट सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से सर्कुलेट हो रही हैं। इन दस्तावेजों में अधिकारी खुद या किसी दबाव में आकर अपनी चुनावी ड्यूटी से जुड़ी जानकारी भर रहे हैं। इस जानकारी में काउंटिंग के दौरान उनकी सटीक भूमिका, स्थान और जिम्मेदारियां भी शामिल बताई जा रही हैं, जो चुनावी प्रक्रिया की गोपनीयता के लिहाज से काफी संवेदनशील मानी जाती हैं।
बीजेपी नेता का कहना है कि इस तरह की जानकारी का सार्वजनिक होना चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर असर डाल सकता है। उन्होंने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग भी की है, ताकि काउंटिंग प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनी रहे।