The Vvaan Trailer: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म को लेकर पहले से ही चर्चा थी और इसका टीजर भी रिलीज हो चुका है। अब ट्रेलर सामने आने के बाद कहानी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। ‘द वन’ में बिहटा के वनदेवी मंदिर की कहानी के साथ बिहार के छठ पर्व को भी खास जगह दी गई है।
फिल्म की खास बात यह है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार साथ नजर आ रहे हैं। इनके अलावा श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं।
‘द वन’ के ट्रेलर में क्या दिखा?
‘The Vvaan: Force of the Forest’ के ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी और डरावने माहौल से होती है। इसमें कहा जाता है कि अगर कोई रात के समय इस वन में जाता है, तो उसकी लाश तक नहीं मिलती। इसके बाद वन के कई भयावह और शानदार विजुअल्स देखने को मिलते हैं।
ट्रेलर में सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार वन और देवी से जुड़ी मान्यताओं पर विश्वास नहीं करता। वह नास्तिक नजर आते हैं। एक जगह उनका किरदार कहता है, “अब मुझे समझ आ रहा है कि यहां जो भी हो रहा है…सब एक नंबर की बकवास है.”
वहीं तमन्ना भाटिया फिल्म में सिद्धार्थ की पत्नी का किरदार निभा रही हैं और उनका विश्वास देवी तथा वन की शक्तियों में है। कहानी आगे बढ़ने के साथ सिद्धार्थ के किरदार में भी बदलाव दिखाई देता है। वह धीरे-धीरे इन शक्तियों और देवी पर भरोसा करने लगते हैं।
आस्था और विश्वास के बीच दिखाई जाएगी कहानी
फिल्म का ट्रेलर एक ऐसे सफर की झलक देता है, जिसमें एक तरफ सिद्धार्थ का नास्तिक किरदार है तो दूसरी ओर तमन्ना का देवी और वन की शक्तियों में विश्वास दिखाई देता है। ट्रेलर में इसी अंतर के बीच कहानी आगे बढ़ती नजर आती है।
‘द वन’ की कहानी में वनदेवी मंदिर और बिहार के छठ पर्व को भी जगह दी गई है। यही वजह है कि फिल्म की कहानी धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई नजर आती है।
कब रिलीज होगी ‘द वन’?
‘द वन’ का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। फिल्म को TVF (The Viral Fever) और एकता कपूर (बालाजी मोशन पिक्चर्स) ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।
फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के साथ श्वेता तिवारी, मनीष पोल, सुनील ग्रोवर और अनुम सोनी से जैसे कलाकार भी हैं। ‘द वन’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
We may use cookies or any other tracking technologies when you visit our website, including any other media form, mobile website, or mobile application related or connected to help customize the Site and improve your experience.
learn more