मार्को रुबियो ने नस्लीय भेदभाव और हिंसा को लेकर जताई चिंता
जमीन जब्ती और भेदभावपूर्ण कानूनों पर अमेरिका ने उठाए सवाल
प्रतिबंधों के दायरे में जिम्मेदार विदेशी नागरिकों को शामिल किया जाएगा
US Visa Restrictions: अमेरिका ने दक्षिण अफ्रीका में नस्लीय भेदभाव और अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ कथित कार्रवाई को लेकर नई वीजा प्रतिबंध नीति घोषित की है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि यह नीति उन विदेशी नागरिकों को लक्षित करेगी, जो दक्षिण अफ्रीका में बिना मुआवजे के जमीन अधिग्रहण, नस्ल आधारित भेदभाव या अल्पसंख्यक जातीय एवं नस्लीय समूहों के खिलाफ आसन्न हिंसा भड़काने वाली नीतियों के निर्माण या क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार अथवा उसमें सहभागी हैं।
रुबियो ने कहा कि अमेरिका दक्षिण अफ्रीका में अफ्रीकानेर्स और अन्य अल्पसंख्यक आबादी के खिलाफ नस्लीय आधार पर होने वाले अपराधों और सरकार समर्थित भेदभाव को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। उन्होंने नस्ल आधारित भेदभावपूर्ण कानूनों, बिना मुआवजे के जमीन अधिग्रहण की आशंकाओं तथा नस्लीय हिंसा भड़काने वाले नारों को अपनी चिंताओं में शामिल किया।
अमेरिकी कानून के तहत कार्रवाई
विदेश मंत्री ने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने अमेरिका की ओर से पहले उठाई गई चिंताओं का पर्याप्त समाधान नहीं किया है। इसी वजह से अमेरिकी प्रशासन ने इमिग्रेशन एंड नेशनलिटी एक्ट की धारा 212(a)(3)(C) के तहत नई वीजा प्रतिबंध नीति लागू करने की घोषणा की है। इस प्रावधान के तहत ऐसे विदेशी नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश से रोका जा सकता है, जिनकी मौजूदगी से अमेरिकी विदेश नीति पर संभावित गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका हो। कुछ मामलों में संबंधित व्यक्तियों के परिवार के सदस्य भी इन प्रतिबंधों के दायरे में आ सकते हैं।
रुबियो ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां शांति, आर्थिक स्थिरता और कानून के शासन को प्रभावित करती हैं तथा अमेरिकी विदेश नीति के मूल सिद्धांतों के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी सरकार से इन मुद्दों का जल्द समाधान करने का आग्रह किया।
अमेरिकी विदेश मंत्री का यह बयान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस कार्यकारी आदेश के संदर्भ में आया है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका में कथित नस्लीय रूप से प्रेरित अपराध और सरकार समर्थित भेदभाव को लेकर चिंता जताई गई थी।