मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के प्रतीकात्मक महाभियोग कार्यक्रम को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्ष के आयोजन को 'मॉक पार्लियामेंट' बताते हुए कहा कि कांग्रेस संसद का मजाक बना रही है। पात्रा ने मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में पहली वोट चोरी जवाहरलाल नेहरू के समय हुई थी और नेहरू ने सरदार वल्लभभाई पटेल के वोट चुराकर प्रधानमंत्री पद हासिल किया था।
नेहरू और सरदार पटेल का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला
31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती का उल्लेख करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री चुनने के लिए कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने मतदान किया था। उनके मुताबिक, इन नेताओं ने पटेल के पक्ष में वोट दिया था, लेकिन नेहरू ने वे वोट हासिल कर प्रधानमंत्री पद ले लिया।
पात्रा ने नेहरू को 'बिना चुनाव के प्रधानमंत्री' बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष वोट चोरी का मुद्दा उठा रहा है, जबकि उनके अनुसार इसकी शुरुआत नेहरू के समय हुई थी।
SIR पर विपक्ष के आरोपों का पात्रा ने दिया जवाब
भाजपा सांसद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का बचाव करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 13 करोड़ लोगों के नाम अभी अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। उन्होंने इसकी वजह बताने के लिए 'ASD' श्रेणी का उल्लेख किया।
पात्रा के अनुसार, 'A' का मतलब अनुपस्थित है। बूथ लेवल ऑफिसर मतदाता के घर तीन बार गणना फॉर्म लेकर जाता है। यदि व्यक्ति तीनों बार घर पर नहीं मिलता, तो उसे अनुपस्थित दर्ज किया जाता है।
वहीं, 'S' का अर्थ Shifted यानी स्थायी रूप से दूसरी जगह चले जाना है, जबकि 'D' का मतलब Death यानी मृत्यु है।
2.8 करोड़ मृतकों के नाम हटाने का किया दावा
संबित पात्रा ने कहा कि देश में अब तक 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है और इनमें से 10 बार यह कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी। उन्होंने दावा किया कि इस बार मतदाता सूची से 2.8 करोड़ मृत लोगों के नाम हटाए गए हैं।
पात्रा के मुताबिक, मतदाता सूची को साफ और सही बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां मृत लोगों के नाम पर फर्जी मतदान होता था। उनका दावा था कि एसआईआर के दौरान ऐसे नाम हटाए जाने से इस बार इस तरह के मतदान पर रोक लगी है। ये आरोप उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर लगाए।
फॉर्म-6 और छह करोड़ आवेदनों को लेकर क्या कहा?
पात्रा ने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि दूसरी जगह स्थायी रूप से जा चुके लोगों में से छह करोड़ लोग पहले ही आवेदन कर चुके हैं और बाकी लोग भी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि उसके साथ केवल एक घोषणा पत्र जोड़ा गया है। पात्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर फॉर्म नहीं भर रहे और नोटिस का जवाब भी नहीं दे रहे। उन्होंने ऐसे लोगों को घुसपैठिया बताया और कहा कि मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को मिलना चाहिए।
चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति और फैसले पर भी दी सफाई
चुनाव आयुक्तों के फैसले को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों पर संबित पात्रा ने कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों ने एक साथ बैठकर निर्णय लिया था और इसकी जानकारी भी साझा की थी।
उनके मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में भी आयोग का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया बताया गया है। पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी बात को बार-बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाती।
CEC को कानूनी सुरक्षा देने के मुद्दे पर क्या बोले पात्रा?
मुख्य चुनाव आयुक्त को कानूनी सुरक्षा दिए जाने के सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा ने कोई नया कानून बनाकर राष्ट्रपति या मुख्य चुनाव आयुक्त को सुरक्षा नहीं दी है। उनके अनुसार, यह सुरक्षा पहले से संविधान में मौजूद थी, लेकिन इसकी प्रक्रिया स्पष्ट नहीं थी।
पात्रा ने अगस्त 2023 में तेलंगाना की एक विशेष अदालत के आदेश का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था, जिसे बाद में हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया। पात्रा के मुताबिक, इसी तरह की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट की गई।
राहुल गांधी पर तंज, मॉक प्रधानमंत्री बनाए रखने की कही बात
प्रेस वार्ता के आखिर में संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने की क्षमता नहीं है और उनका 'सैटेलाइट कभी लॉन्च नहीं होगा'।
विपक्ष के मॉक संसद कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी को जीवनभर मॉक प्रधानमंत्री बनाए रखा जाए, उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है।