दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने CRPF की महिला अधिकारी को किया सैल्यूट, बोले- 'आपमें मां नजर आई'

दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने CRPF की महिला अधिकारी को किया सैल्यूट, बोले- 'आपमें मां नजर आई'

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' की शुरुआत करते हुए दिलजीत ने परफॉरमेंस के बीच सुरक्षाकर्मियों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने CRPF की एक महिला अधिकारी को मंच पर बुलाया, उन्हें सैल्यूट किया और गले लगाकर स्वागत किया। दिलजीत ने कहा कि उस अधिकारी को देखकर उन्हें अपनी मां की याद आ गई।

महिला CRPF अधिकारी को मंच पर बुलाकर किया सम्मानित

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में फैंस पहुंचे थे। अपनी प्रस्तुति के दौरान दिलजीत ने उन सुरक्षाकर्मियों के प्रति आभार जताया, जो कॉन्सर्ट में आए लोगों की सुरक्षा में तैनात थे।

इसी बीच उनकी नजर वर्दी पहने एक महिला CRPF अधिकारी पर पड़ी। दिलजीत ने उन्हें मंच पर आने के लिए आमंत्रित किया। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने अधिकारी को सैल्यूट किया और गले लगाकर उनका स्वागत किया। सिंगर ने कहा कि उन्हें उस महिला अधिकारी में अपनी मां की झलक दिखाई दी।

दिलजीत ने महिला अधिकारी के लिए क्या कहा?

महिला अधिकारी को संबोधित करते हुए दिलजीत ने कहा, 'उन्हें मेरा बड़ा सलाम। आपके बिना यह सब मुमकिन नहीं हो पाता। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं आपमें अपनी मां को देख सकता हूं। जब आप वहाँ खड़ी थीं, तो मुझे लगा कि मेरी मां खड़ी हैं। मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मेरी मां मेरे साथ यहां खड़ी हैं।'

इस खास पल का वीडियो दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर भी साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'दिल्ली के फैंस को शाउटआउट, दिल्ली पुलिस को शाउटआउट, सीआरपीएफ को शाउटआउट, ढेर सारा प्यार!'

सात शहरों में होगा 'ऑरा इंडिया टूर 2026'

दिल्ली का यह कार्यक्रम दिलजीत दोसांझ के सात शहरों वाले 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का पहला कॉन्सर्ट था। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए इस शो में उन्होंने अपने कई लोकप्रिय गाने पेश किए। इनमें 'G.O.A.T.', 'इक कुड़ी', 'ललकारा', 'नैना', 'हस हस' और 'सांसों की माला' शामिल रहे।

इस दौरान दिलजीत ने अपना नया गाना 'पोकीटो' (Pokito) भी पेश किया। यह प्यूर्टो रिको के रेगेटन स्टार डैडी यांकी के साथ उनका कोलैबोरेशन है।

कॉन्सर्ट में CJP पर भी बिना नाम लिए साधा निशाना

दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ का एक बयान भी चर्चा में आया। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को उन्होंने बिना किसी का नाम लिए CJP पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं आप सबसे प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक कलाकार हूं, भाई। मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं। पंजाबियों को ये मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़नी हैं।'

दिलजीत के इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद अभिजीत दिपके ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा किया, जिसमें गायक के प्रति सम्मान जताया और उनसे इस बात को यहीं छोड़ देने की गुजारिश की।