राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकतानगर को 426.71 करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी, 31 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकतानगर को 426.71 करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी, 31 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
हाइलाइट्स
• राष्ट्रीय एकता दिवस पर पीएम मोदी एकतानगर को देंगे 426.71 करोड़ रुपये की सौगात
• कुल 31 परियोजनाओं में 23 का लोकार्पण और करीब 8 का शिलान्यास होगा
• 50 करोड़ रुपये की लागत से बने आईआरसीटीसी होटल और 16 करोड़ के एकता क्रूज का उद्घाटन होगा
• नई योजनाओं में गोरा-भाणद्रा रोड, खलवाणी ब्रिज और स्मार्ट जीरो वेस्ट प्रोजेक्ट शामिल हैं

राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकतानगर के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का आयोजन किया गया, जिसमें देश की सांस्कृतिक विरासत, विविधता और सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर एकतानगर के विकास को भी नई गति देने की तैयारी है। प्रधानमंत्री यहां करीब 426.71 करोड़ रुपये की लागत वाली 31 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं का मकसद पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ क्षेत्र में नए आकर्षण विकसित करना है।

426.71 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं पर काम

एकतानगर के लिए घोषित विकास कार्यों में 307.83 करोड़ रुपये की 23 परियोजनाओं का लोकार्पण और 118.88 करोड़ रुपये की करीब आठ परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इन परियोजनाओं में होटल, क्रूज, रेन फॉरेस्ट, इको ट्रेल जैसी पर्यटन सुविधाओं के साथ सड़क, पुल, पेयजल और सफाई व्यवस्था से जुड़े काम भी शामिल हैं। इनका लाभ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी घूमने आने वाले पर्यटकों को मिलेगा। सरकार का लक्ष्य एकतानगर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना और यहां आने वाले लोगों की सुविधाओं में सुधार करना है।

307.83 करोड़ रुपये के 23 प्रोजेक्ट का होगा लोकार्पण

प्रधानमंत्री जिन 23 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें कई बड़े पर्यटन और बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट शामिल हैं। 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का नया एकता क्रूज, 14.30 करोड़ रुपये का रेन फॉरेस्ट और 3.67 करोड़ रुपये का इको ट्रेल इनमें प्रमुख हैं।

इसके अलावा 45.53 करोड़ रुपये की लागत वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 21.40 करोड़ रुपये का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी शुरू किया जाएगा। परेड ट्रैक और उससे जुड़े कार्यों पर 23.81 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

पर्यटकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए 28.22 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैवलेटर तैयार किया गया है। वहीं, यातायात की समस्या कम करने के उद्देश्य से 23 करोड़ रुपये की 24 मीटर कॉलोनी रोड बनाई गई है। कर्मचारियों के लिए 14.25 करोड़ रुपये की लागत से स्टाफ क्वार्टर भी तैयार किए गए हैं।

पर्यटकों के लिए विकसित किए गए नए आकर्षण

लोकार्पण होने वाली परियोजनाओं में सीआईएसएफ बैरक, मोखडी गांव के पास टर्मिनल बिल्डिंग और जेटी भी शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर वाटर स्टेशन बनाए गए हैं। एकतानगर रेलवे स्टेशन से विजिटर सेंटर तक वॉक-वे का विस्तार भी किया गया है।

परिसर को आकर्षक बनाने के लिए कई जगहों पर फव्वारे लगाए गए हैं। नए हाई लेवल गोरा ब्रिज के पत्थर वाले ढलान का सौंदर्यीकरण किया गया है। हरियाली बढ़ाने के लिए जियोसेल तकनीक से लैंडस्केपिंग भी की गई है।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के गेट नंबर-8 पर सड़क का विकास, शूलपाणेश्वर नर्मदा घाट का विस्तार और सौंदर्यीकरण तथा परिसर में फसाड लाइटिंग की व्यवस्था भी इन कार्यों में शामिल है।

राष्ट्रीय एकता और भारत की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एकता प्रकाश पर्व और यूनिटी ग्लो गार्डन का अपग्रेडेशन किया गया है। इसके साथ ही नौ मीटर लंबी दो नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें और अलग-अलग स्थानों पर आकर्षक शिल्प-स्थापत्य भी विकसित किए गए हैं।

118.88 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं की रखी जाएगी नींव

प्रधानमंत्री करीब 118.88 करोड़ रुपये की लागत वाले आठ विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें 59.32 करोड़ रुपये की गोरा-भाणद्रा रोड और 7.72 करोड़ रुपये की लागत से खलवाणी ब्रिज का विकास शामिल है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 5.79 करोड़ रुपये की लागत से कैक्टस और बटरफ्लाई गार्डन का एकीकृत विकास किया जाएगा। इसके अलावा मांडवा फलिया से रिवर राफ्टिंग पॉइंट और ठोस कचरा प्रबंधन स्थल तक पहुंच आसान बनाने के लिए वाघडिया रोड का विस्तार प्रस्तावित है।

सरदार सरोवर बांध की सुरक्षा और आपातकालीन हालात से निपटने के लिए डिजास्टर कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।

जीरो वेस्ट प्रोजेक्ट और इको टूरिज्म पर भी जोर

नई परियोजनाओं में 36.58 करोड़ रुपये की लागत वाला स्मार्ट जीरो वेस्ट इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट भी शामिल है। इसके साथ ही 5.15 करोड़ रुपये की लागत से खलवाणी इको टूरिज्म का विकास किया जाएगा।

इन परियोजनाओं के जरिए एकतानगर में पर्यटन सुविधाओं के साथ सड़क, सुरक्षा और कचरा प्रबंधन से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी बेहतर बनाने की योजना है।