आपदा में हर किसान के साथ खड़ी है सरकारः योगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास से पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों की सहायता के लिए 1000 क्विंटल गेहूं के बीज भरे सहायता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और शांतिपूर्वक वातावरण में मनाया जा रहा है। उत्सव का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम किसी पीड़ित को जोड़कर उसकी सहायता के लिए खड़े हों। इसी भावना के साथ आज इस कठिन समय में उत्तर प्रदेश सरकार पंजाब के अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा का सामना पंजाब के किसान अकेले नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार (भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार) हर आपदा-पीड़ित नागरिक के साथ खड़ी हैं। चाहे वह राहत सामग्री के रूप में सहायता हो, आर्थिक सहयोग हो या पुनर्वास का प्रयास। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर किसानों को सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाएंगे।
ये बीज कृषि विभाग एवं उत्तर प्रदेश बीज एवं विकास निगम की ओर से ढाई हजार बोरे में भरकर पंजाब भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि जब पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड में बाढ़ आई थी, तब उत्तर प्रदेश सरकार ने इन राज्यों के लिए राहत सामग्री भेजी थी और साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से धनराशि भी उपलब्ध कराई थी।
लखनऊ के साथ ही 5 अन्य सीड पार्क जल्द होंगे स्थापित
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे किसान और हमारे संस्थान मिलकर आत्मनिर्भर भारत की नींव को सुदृढ़ कर रहे हैं। इसी क्रम में बहुत शीघ्र ही लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की स्मृति में “सीड पार्क” की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के भीतर पांच अन्य सीड पार्क स्थापित करने की दिशा में भी कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।