योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला, बोले- यूपी के लिए श्राप है समाजवादी पार्टी

योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला, बोले- यूपी के लिए श्राप है समाजवादी पार्टी
हाइलाइट्स
• योगी आदित्यनाथ ने सपा को बताया यूपी के लिए श्राप
• 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र कर सपा पर साधा निशाना
• गोंडा में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत होने का दावा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा के तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम से समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा को प्रदेश के लिए श्राप बताते हुए आरोप लगाया कि जब भी पार्टी सत्ता में आई, उत्तर प्रदेश में तबाही का माहौल बना। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में 2 नवंबर 1990 को रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का भी उल्लेख किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू की स्थिति बनी रहती थी। त्योहारों से पहले लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता होती थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू से मुक्त है। उन्होंने कहा कि पहले धार्मिक आयोजनों को लेकर विवाद होते थे और दुर्गा पूजा पंडालों की अनुमति तक नहीं मिलती थी। कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाने की कोशिश की जाती थी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब नवरात्र और कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं।

कारसेवकों पर गोलीबारी का जिक्र कर सपा को घेरा

मुख्यमंत्री ने 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए तत्कालीन सपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं।

योगी आदित्यनाथ ने मौजूदा सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि आज रामभक्तों पर फूलों की वर्षा की जा रही है और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार के आस्था के सम्मान से जुड़ा कदम बताया।

गरीबों के हितों की अनदेखी और युवाओं के रोजगार पर लगाए आरोप

योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर गरीबों के अधिकारों की अनदेखी करने और युवाओं के रोजगार के अवसरों से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवारों के बच्चों की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जाता था। गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में अज्ञात बीमारी से बच्चों की मौत के मामले सामने आते थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग से जानकारी मांगने पर भी बीमारी का पता नहीं चल पाता था।

मुख्यमंत्री ने 2016 के स्वच्छता सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि उस समय गोंडा देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल था। उन्होंने सपा शासन के दौरान हुए खाद्यान्न घोटाले का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि उस समय गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाता था।

इसके विपरीत, मौजूदा सरकार में राशन, रसोई गैस और आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिलने की बात कही। उन्होंने युवाओं की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी कहा कि अब सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां की जा रही हैं।

दंगाइयों को संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दंगा करने वालों को सत्ता का संरक्षण मिलता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था को निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनने से भी जोड़ा।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, गोंडा में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं।

गोंडा में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जिले और मंडल में विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। वहीं, देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है।

उन्होंने कहा कि पहले गोंडा के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाना सपना होता था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिलें और उन्हें काम की तलाश में दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

दीपावली पर गरीब परिवारों के साथ खुशियां बांटने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों की आस्था का सम्मान करने और उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए काम कर रही है। वहीं, उन्होंने सपा और कांग्रेस पर अपराध और बदमाशों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने लोगों से दीपावली के अवसर पर गरीब और वंचित परिवारों के साथ खुशियां साझा करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, रमापति शास्त्री, प्रेमनरायन पांडेय, अजय सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।