हाइलाइट्स :
• उज्जैन में पथराव, पुलिस का लाठीचार्ज
• एक पुलिसकर्मी घायल, फिर बनी सहमति
• JCB-पोकलेन पर रोक, हाथों से टूटा हिस्सा
• AIMIM चीफ मोहसिन अली खान हिरासत में
• 10 लोगों पर FIR, 5 से ज्यादा गिरफ्तार
• स्कूल बंद, बाजारों में भी सन्नाटा
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिए चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर बवाल हो गया। सोमवार को धार्मिक स्थल का हिस्सा गिराने के दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने का आरोप लगा। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ।
बाद में प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच सहमति बनी और समाज के लोगों ने धार्मिक स्थल का हिस्सा खुद हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
जेसीबी और पोकलेन नहीं चलाने की शर्त पर बनी सहमति
सोमवार सुबह प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच बातचीत के बाद सहमति बनी। समाज की ओर से कहा गया कि मस्जिद का हिस्सा स्वेच्छा से हटाया जाएगा, लेकिन इसके लिए जेसीबी और पोकलेन मशीन का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस प्रशासन ने इस शर्त को मान लिया। इसके बाद मुस्लिम पक्ष की ओर से छेनी और हथौड़े से मस्जिद का हिस्सा हटाने का काम शुरू किया गया।
इसी बीच इंदौर खंडपीठ की डबल बेंच में मामले को लेकर आज सुनवाई भी होना है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई गई है।
कलेक्टर ने कहा- सड़क चौड़ीकरण में लोग खुद कर रहे सहयोग
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि वर्ष 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मास्टर प्लान के अनुसार सड़कों के चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
कलेक्टर के मुताबिक, अलग-अलग धर्म, समुदाय और समाज के लोग अपनी इच्छा से इन कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले मकान, दुकानें और धर्मस्थल संबंधित समाजजनों द्वारा स्वेच्छा से हटाए जा रहे हैं।
रोशन सिंह ने कहा कि छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का एक हिस्सा भी समाजजनों द्वारा स्वत: हटाया जा रहा है। उन्होंने इसे सभी समाजों के सहयोग और समन्वय की सकारात्मक मिसाल बताया।
कलेक्टर ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
शहर काजी ने भी अफवाहों से दूर रहने की अपील की
उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मस्जिद का मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था और ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए किसी को वहां जाने की आवश्यकता हो। उन्होंने कहा कि जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है।
शहर काजी ने लोगों से अपील की कि अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं।
AIMIM चीफ मोहसिन अली खान हिरासत में
एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, शहर के बॉर्डर एरिया से दूसरे जिलों से प्रवेश कर रहे कुछ उत्पातियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि एमपी AIMIM चीफ मोहसिन अली खान को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
एसपी के अनुसार, मोहसिन खान धार्मिक स्थल से जुड़े मामले को लेकर उज्जैन जा रहे थे। उन्हें गिरफ्तार किया गया और वह उज्जैन के नागझेरी थाने में हैं।
प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस तीन दिन से सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2000 पुलिस बल तैनात है और लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा है।
एसपी के मुताबिक, कुल 10 लोगों पर FIR दर्ज की गई है और 5 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं। कई संदिग्धों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसके अलावा 5 सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स पर FIR की गई है, जिनकी गिरफ्तारी होना बाकी है।
सुरक्षा के मद्देनजर कुछ स्कूलों में समय से पहले छुट्टी
मामले को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर कुछ स्कूलों ने बच्चों की समय से पहले छुट्टी कर दी। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के पेरेंट्स को बुलाया, ताकि वे बच्चों को घर ले जा सकें।
पुलिस ने धार्मिक स्थल क्षेत्र में उपद्रव के कारण शहर को 4 सेक्टर में बांटा है। इनमें थाना महाकाल, थाना खारकुंवा, थाना जीवाजीगंज और थाना कोतवाली शामिल हैं।
इन थाना क्षेत्रों में छत्री चौक, सराफा, लखेरवाडी, ढाबारोड, केडी गेट, सती गेट, तेलीवाड़ा, दौलतगंज, एटलस, बुधवारिया, कमरी मार्ग, अंडा गली और आसपास के सभी क्षेत्रों में बाजार बंद हैं।