दिल्ली में आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बड़ा कदम उठाया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे के उपमंडल में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और दूसरे मानवरहित विमानों को उड़ाने पर 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आतंकवादी ड्रोन के जरिए हवाई हमला कर सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।
16 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा प्रतिबंध
सहायक पुलिस आयुक्त (पालम उप-मंडल, आईजीआई हवाई अड्डा) प्रदीप कुमार मीणा ने यह आदेश जारी किया है। 18 नवंबर से प्रभावी हुआ यह प्रतिबंध 16 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर लगातार मिल रही रिपोर्ट में मानवरहित विमान प्रणाली यानी ड्रोन के जरिए संभावित आतंकी हमले की आशंका जताई गई है। इसी वजह से सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल निवारक कदम उठाना जरूरी हो गया है।
ड्रोन और पैराग्लाइडर के इस्तेमाल पर क्यों लगी रोक?
पुलिस के आदेश के मुताबिक, आम लोगों द्वारा ड्रोन, पैराग्लाइडर, एयरो-मॉडल और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों (UAS) का इस्तेमाल विमानन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
आदेश में सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति के साथ मानव जीवन की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। इसमें कहा गया है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल आतंकवादी हवाई हमले के लिए किया जा सकता है। इसी खतरे को देखते हुए IGI एयरपोर्ट उपमंडल में इनके संचालन पर रोक लगाई गई है।
नियम तोड़ने पर BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई
प्रदीप कुमार मीणा ने गृह मंत्रालय की अधिसूचना के साथ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए यह प्रतिबंध लगाया है।
आदेश के अनुसार, IGI एयरपोर्ट उपमंडल के क्षेत्र में 60 दिनों तक किसी भी तरह का ड्रोन या मानवरहित विमान उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।