- आईटीआई के युवाओं को भी आईआईटी जैसा सम्मान मिलना चाहिए
- भविष्य में कागजी डिग्री से ज्यादा हुनर की होगी अहमियत
- एआई के दौर में भी कौशल की जगह नहीं ले सकती तकनीक
- 2027 में ग्रेटर नोएडा करेगा विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी
- यूपी में 17 लाख से अधिक युवाओं को मिला कौशल प्रशिक्षण
|
PM Modi on Skill Development in India and Gold Purchase: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उन्होंने एक साल पहले देशवासियों से अपील की थी कि यदि बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी अपील पर ध्यान दिया और सोने की खरीदारी कम की।
मोदी के मुताबिक, लोगों ने उन्हें बताया कि उनकी सलाह मानने से उनका पैसा बच गया। उन्होंने इस प्रतिक्रिया की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील से की, जिसमें उन्होंने देशवासियों से सप्ताह में एक दिन एक वक्त का भोजन छोड़ने का आग्रह किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि लाल बहादुर शास्त्री के समय की तरह आज भी देश का चरित्र वैसा ही है और लोग देशहित में की गई अपील पर अमल करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके जैसे सामान्य व्यक्ति की अपील पर लोगों ने कम सोना खरीदा और सोने के दाम टूट गए।
प्रधानमंत्री शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे। पहली बार इस राष्ट्रीय समारोह का आयोजन राजधानी लखनऊ में किया गया। इससे पहले इसके चारों संस्करण दिल्ली में आयोजित हुए थे। समारोह में देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्रों और अन्य कौशल प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़े कुल 4461 युवा शामिल हुए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण और देश को आगे ले जाने में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आईआईटी और आईटीआई दोनों ही देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। इसलिए आईटीआई से प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को भी आईआईटी के विद्यार्थियों के समान सम्मान मिलना चाहिए। आने वाले समय में कागज की डिग्री से अधिक महत्व इस बात का होगा कि किसी व्यक्ति के पास कितना हुनर है और वह अपने कौशल से क्या कर सकता है।
कौशल के आधार पर आगे बढ़ता है राष्ट्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी राष्ट्र अपने युवाओं की कुशलता और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ता है। भारत में परंपरागत रूप से कौशल का सम्मान होता रहा है। लखनऊ की चिकनकारी इसका उदाहरण है, जो पीढ़ियों से चले आ रहे हुनर और कारीगरी की पहचान है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के विकसित और विकासशील देशों को प्रशिक्षित और कुशल लोगों की जरूरत है। ऐसे में रोजगार के अवसर केवल डिग्री के आधार पर नहीं, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करेंगे कि व्यक्ति किसी काम को कितनी दक्षता से कर सकता है।
कृत्रिम मेधा (एआई) के कारण नौकरियां खत्म होने की आशंकाओं पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी तकनीक कौशल की जगह नहीं ले सकती। तकनीक का महत्व अपनी जगह है, लेकिन उसे इस्तेमाल करने और उससे बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रशिक्षित लोगों की जरूरत बनी रहेगी। इसलिए युवाओं को बदलती जरूरतों के अनुसार अपने कौशल को विकसित करना चाहिए।
मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने कौशल परंपरा को पहुंचाया नुकसान
मोदी ने कहा कि अंग्रेजों ने मैकाले की शिक्षा व्यवस्था के जरिए भारत की कौशल आधारित परंपरा को नुकसान पहुंचाया। उस शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य ऐसे लोग तैयार करना था, जो मुख्य रूप से क्लर्क का काम कर सकें। इसका असर समाज की सोच पर भी पड़ा। आज भी कई बार आईटीआई में प्रवेश लेने वाले युवाओं के माता-पिता इस बात को छिपाते हैं कि उनके बच्चे वहां प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस मानसिकता को बदलने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आईटीआई और दूसरे प्रशिक्षण संस्थानों से निकलने वाले युवा भारत की ऊर्जा और ताकत हैं। कौशल को कमतर आंकने के बजाय समाज को ऐसे युवाओं का सम्मान करना चाहिए, जो अपने हुनर के दम पर देश की अर्थव्यवस्था और निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
2027 में भारत करेगा विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भारत वर्ष 2027 में विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। यह आयोजन भारत के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी दक्षता और प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा। साथ ही दुनिया के सामने भारत की कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की क्षमता को प्रदर्शित करेगा।
योगी सरकार की कानून-व्यवस्था का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में आए बदलाव का जिक्र करते हुए वाराणसी के एक कार्यक्रम का अनुभव साझा किया। उन्होंने रात करीब 11 बजे काम से घर लौटने वाली एक युवती के अनुभव का उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि अब प्रदेश में बेटियां सुरक्षित माहौल में आवागमन कर पा रही हैं। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी कानून-व्यवस्था को दिया।
यूपी में 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर समारोह की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें से सात लाख से अधिक युवाओं को कैंपस चयन के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने और नियोजित करने में सफलता मिली है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने समारोह में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए सम्मानित होने वाले युवाओं और प्रशिक्षकों को बधाई दी।
समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने 10 मेधावियों को मंच पर किया सम्मानित
पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10 उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को मंच पर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में तमिलनाडु की काव्या लेखा, संधना लक्ष्मी आर और जम्मू-कश्मीर की ताबिश शौकत शामिल रहीं। उत्तर प्रदेश के शाहबाज खान और संध्या देवी को भी सम्मान मिला।
समारोह में घोषित 52 मेधावियों की सूची में तमिलनाडु की काव्या लेखा ने पहला, संधना लक्ष्मी आर ने दूसरा और जम्मू-कश्मीर की ताबिश शौकत ने तीसरा स्थान हासिल किया।