प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योगपतियों से टैक्स में राहत मिलने के बावजूद कर्मचारियों की तनख्वाह और नौकरियों की संख्या नहीं बढ़ाने को लेकर सवाल किया था। अब कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसी बयान को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल ने कहा कि यह उद्योगपतियों पर आरोप नहीं, बल्कि खुद सरकार का कबूलनामा है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बयान को आधार बनाकर रोजगार, वेतन और सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को कई अहम क्षेत्रों में फायदा पहुंचाया गया, लेकिन इससे कितने रोजगार पैदा हुए, इसका जवाब सामने आना चाहिए।
राहुल गांधी बोले- यह उद्योगपतियों पर नहीं, सरकार पर सवाल है
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है।' उन्होंने प्रधानमंत्री के 'भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं' वाले बयान पर भी तंज कसा। राहुल ने कहा कि यह भूख किसकी है, पूरा देश जानता है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हवाले कर दी गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि इन क्षेत्रों से आखिर कितने रोजगार पैदा हुए।
राहुल गांधी ने छोटे कारोबारियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों यानी MSME की स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उनका आरोप है कि नोटबंदी और गलत तरीके से लागू जीएसटी के कारण रोजगार देने वाले छोटे व्यापारी प्रभावित हुए हैं।
एकाधिकार से रोजगार नहीं, महंगाई बढ़ती है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बड़ी कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी कमजोर हुई है। उनके मुताबिक, एकाधिकार से नौकरियां पैदा नहीं होतीं, बल्कि महंगाई बढ़ती है और प्रतिस्पर्धा खत्म होती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के उद्योगपतियों से कहे गए 'आप करो, हम देख लेंगे' वाले बयान पर भी निशाना साधा। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से उद्योगपति, छोटे कारोबारी, महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्ग के साथ बेरोजगार युवा निराश हुए हैं।
'बचे-खुचे समर्थकों से तालियां और थालियां बजवा लें'
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के उस बयान पर भी कटाक्ष किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब आप लोग ताली नहीं बजाएंगे, यह मैं जानता हूं। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री तालियां नहीं बजने पर बुरा मान गए, जबकि उनकी नीतियों ने लोगों को तालियां बजाने लायक नहीं छोड़ा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अपने बचे-खुचे समर्थकों से ही तालियां और थालियां बजवा लें।
पीएम मोदी ने फिक्की समारोह में उद्योगपतियों से क्या पूछा था?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को दिल्ली में फिक्की के शताब्दी समारोह को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कॉरपोरेट टैक्स और आयकर में दी गई राहत का जिक्र किया।
पीएम मोदी ने बताया था कि 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 फीसदी थी, जिसे सरकार ने घटाकर 22 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को आयकर से छूट दी गई है।
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से सवाल किया था कि सरकार की ओर से सुविधाएं मिलने के बाद कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की तनख्वाह और उनकी संख्या बढ़ाई या नहीं। उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार से सुविधाएं मिलने के बावजूद उद्योग जगत की अपेक्षाएं खत्म नहीं होतीं।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से कहा था, 'अब आपलोग ताली नहीं बजाएंगे, यह मैं जानता हूं।'
कांग्रेस ने भी आर्थिक नीतियों पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस ने सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी।
जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने 2024 के न्याय पत्र में वेतन, रोजगार और निजी निवेश में कमी का मुद्दा उठाया था। इस तरह फिक्की समारोह में प्रधानमंत्री की टिप्पणी के बाद रोजगार और कर्मचारियों की सैलरी का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।