सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के अपने फैसले को लेकर अहम जानकारी साझा की है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में बताया है कि पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री बनने की अपील के बावजूद उन्होंने इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ इस विषय पर उनकी क्या बातचीत हुई थी।
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा, "मेरे मन से संदेह का आखिरी अंश भी अचानक दूर हो गया. मुझे लगा जैसे मैं खुद से कह रही हूं सोनिया अपने प्रति ईमानदार रहो. तुम हमेशा से यह जानती रही हो. बस, इसे छोड़ दो."
राहुल और प्रियंका के साथ प्रधानमंत्री पद पर हुई थी चर्चा
मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया गांधी ने बताया कि चुनाव से कुछ महीने पहले उन्होंने अपने बच्चों के साथ इस बात पर चर्चा की थी कि क्या वह प्रधानमंत्री बन सकती हैं।
इस बातचीत के दौरान उनके बच्चों में से एक ने सीधे उनसे पूछा कि अगर कांग्रेस चुनाव जीत जाती है, तो क्या वह प्रधानमंत्री का पद स्वीकार करेंगी? इस पर सोनिया गांधी ने नाराजगी जताते हुए कहा, "बिल्कुल नहीं."
जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह निश्चित हैं, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में जवाब दिया, "मैं बिल्कुल स्पष्ट हूं."
सोनिया गांधी के मुताबिक, राहुल और प्रियंका गांधी दोनों में से किसी को भी उनके प्रधानमंत्री बनने की इच्छा नहीं थी। उन्होंने अपनी दादी की हत्या और पिता की बेरहमी से की गई हत्या का गहरा सदमा झेला था। उनके लिए प्रधानमंत्री पद पर रहना सीधे तौर पर बहुत ज्यादा खतरे से जुड़ा था।
उन्होंने बताया कि इस बातचीत से बच्चों को राहत मिली और उन्हें भी हल्का महसूस हुआ। पहली बार उन्होंने इस सवाल पर खुलकर अपनी राय रखी थी और इसके बाद यह चर्चा खत्म हो गई।
प्रधानमंत्री न बनने की बात किसी से साझा नहीं की
सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि उन्होंने अपने इस फैसले के बारे में किसी अन्य व्यक्ति से कभी बातचीत नहीं की थी। चुनाव प्रचार के दौरान भी जब उनसे सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री बनने को लेकर सवाल पूछे गए, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही थी। ऐसे में उनकी प्राथमिकता पार्टी को एकजुट रखना थी, ताकि सभी लोग एक मजबूत टीम के रूप में अपने विरोधियों का सामना कर सकें।
सोनिया गांधी ने अपनी राय को अपने तक ही सीमित रखा। यहां तक कि उन्होंने इस बारे में अपने सबसे करीबी सहयोगियों को भी जानकारी नहीं दी।
सरकार चलाने के लिए अनुभव और ईमानदारी को बताया जरूरी
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद को लेकर अपनी सोच भी साझा की। उनके मुताबिक, उन्हें अंदर से यह महसूस होता था कि पिछली कांग्रेस सरकारों की विरासत को आगे बढ़ाने वाले व्यक्ति के पास सरकार चलाने का लंबा अनुभव होना चाहिए।
उन्होंने यह भी माना कि इस जिम्मेदारी को संभालने वाले व्यक्ति का ईमानदारी का रिकॉर्ड बेदाग होना जरूरी है। यही वह सोच थी, जिसके चलते उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार करने का फैसला किया था।