दिल्ली में यमुना नदी पर पर्यटकों के लिए एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। राजधानी में पहली बार रिवर क्रूज सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम से शुरू हो रही इस सेवा में यात्री सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज का सफर कर सकेंगे। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सोनिया विहार में इसका उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी।
नमो यमुना रिवर सफारी का रूट और सफर का समय
यमुना में शुरू होने वाली क्रूज सेवा सोनिया विहार से जगतपुर के बीच संचालित होगी। इसके लिए नदी के 5 किलोमीटर के हिस्से को चुना गया है। एक राउंड ट्रिप पूरा करने में यात्रियों को करीब 40 मिनट लगेंगे।
हर बोट में एक बार में अधिकतम 30 लोग सफर कर सकेंगे। वहीं, ऑपरेटरों के लिए प्रतिदिन कम से कम 4 चक्कर लगाना अनिवार्य होगा।
यमुना क्रूज का टिकट कितने रुपये का होगा और बुकिंग कैसे करें?
नमो यमुना रिवर सफारी के टिकट की अंतिम कीमत की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। हालांकि, रिपोर्टों के मुताबिक, एक यात्री के लिए टिकट का अनुमानित दाम करीब ₹500 हो सकता है।
टिकट की ऑनलाइन बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग (DTTDC) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी। टिकट की अंतिम दरें घोषित होने के बाद ही वास्तविक कीमत स्पष्ट होगी।
इलेक्ट्रिक बोट में मिलेंगी ये सुविधाएं
यमुना रिवर क्रूज सेवा को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए आधुनिक इलेक्ट्रिक बोट्स का इस्तेमाल किया जाएगा। ये बोट्स पूरी तरह एयर-कंडीशंड होंगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इनमें कई व्यवस्थाएं की गई हैं।
बोट्स में ऑन-बोर्ड 'जीरो-डिस्चार्ज बायो-टॉयलेट', लाइफ जैकेट्स और अनाउंसमेंट सिस्टम उपलब्ध होंगे। तय दिशानिर्देशों के अनुसार, इस सेवा में इस्तेमाल होने वाली बोट्स 2 साल से अधिक पुरानी नहीं हो सकती हैं।
राष्ट्रीय जलमार्ग-110 परियोजना का हिस्सा है क्रूज सेवा
मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम 2016 के तहत यमुना नदी को 'राष्ट्रीय जलमार्ग-110' (NW-110) घोषित किया गया है। सोनिया विहार से जगतपुर के बीच शुरू होने वाली यह परियोजना इनलैंड वॉटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) की पहल का हिस्सा है।
इस पहल का उद्देश्य देश की नदियों को पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन और शहरी परिवहन के लिए विकसित करना है। पिछले महीने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इस क्रूज सेवा का सफल ट्रायल रन भी पूरा किया गया था।
किन एजेंसियों ने मिलकर तैयार की रिवर क्रूज सेवा?
यमुना में क्रूज सेवा शुरू करने की परियोजना को IWAI और केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने तैयार किया है। इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और दिल्ली सरकार के सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग का सहयोग रहा है।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और हर्ष मल्होत्रा भी शामिल होंगे। इनके अलावा दिल्ली के पीडब्ल्यूडी व सिंचाई मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा समेत कई प्रमुख नेता कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
