Mamta Kulkarni Viral Video: 90 के दशक की चर्चित बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके चर्चा में आने की वजह कोलकाता के एक कार्यक्रम में दिया गया उनका बयान है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ममता मुसलमानों को अस्सलामो अलैकुम और बिस्मिल्लाह हिर रहमानिर रहीम कहती नजर आ रही हैं। इसी दौरान वह कहती हैं कि उन्हें वहां मौजूद सभी धर्मों के लोग प्यारे हैं और उनके नबी भी बहुत प्यारे हैं।
वीडियो में ममता कुलकर्णी को कोलकाता के लोगों के प्रति अपना लगाव जाहिर करते हुए सुना जा सकता है। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
ममता कुलकर्णी ने नबी को लेकर क्या कहा?
वायरल वीडियो में ममता कुलकर्णी कहती हैं, “मुझे कलकत्ता (कोलकाता) बहुत प्यारी है। इधर जितने मुसलमान हैं…अस्सलामो अलैकुम और बिस्मिल्लाह हिर रहमानिर रहीम…क्या बोलूं, मेरे लिए तो सब प्यारे हैं, सब धर्म प्यारे हैं, वो एक ही है, और कोई नहीं दूसरा। और मुझे आपके नबी भी बहुत प्यारे हैं, सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम, बहुत प्यारे हैं।”
यह वीडियो कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जिसमें शामिल होने के लिए ममता पहुंची थीं।
महाकाली पंडाल के दर्शन भी करेंगी ममता
ममता कुलकर्णी ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए कोलकाता दौरे की जानकारी भी साझा की है। उन्होंने बताया कि वह कोलकाता में महाकाली पंडाल जाएंगी और पांच पंडालों के दर्शन करेंगी। उनके मुताबिक, वह 8 और 9 नवंबर को कोलकाता में ही रहेंगी।
इससे पहले ममता राजस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। वहां वह वेस्टर्न आउटफिट में नजर आई थीं। अपने पहनावे को लेकर उन्होंने कहा था, “मैं वस्त्र से क्यों बंधी हूं, श्रीकृष्ण वस्त्र से बंधे नहीं थे।”
ममता कुलकर्णी का फिल्मी सफर
ममता कुलकर्णी 90 के दशक में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियों में शामिल थीं। उन्होंने तमिल फिल्मों से अभिनय की दुनिया में कदम रखा और बाद में हिंदी सिनेमा में आईं। फिल्म 'तिरंगा' से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
अपने फिल्मी करियर में ममता ने 'क्रांतिवीर', 'करण अर्जुन', 'सबसे बड़ा खिलाड़ी', 'बाजी', 'अहंकार', 'घातक' और 'जाने जिगर' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने अचानक फिल्मों से दूरी बना ली थी।
कुंभ में संन्यास लेकर बनी थीं महामंडलेश्वर
जनवरी 2025 में ममता कुलकर्णी प्रयागराज कुंभ के दौरान भी काफी चर्चा में रही थीं। किन्नर अखाड़े ने उन्हें संन्यास की दीक्षा देकर महामंडलेश्वर घोषित किया था। इस फैसले के बाद विवाद खड़ा हो गया था।
विवाद बढ़ने के बाद ममता ने महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि वह बचपन से साध्वी रही हैं और आगे भी बिना किसी पद के साध्वी के रूप में अपना आध्यात्मिक सफर जारी रखेंगी।