सत्या नडेला ने AI को लेकर कही बड़ी बात, तो बंद कर देना चाहिए इसका विकास?

सत्या नडेला ने AI को लेकर कही बड़ी बात, तो बंद कर देना चाहिए इसका विकास?

Satya Nadella on AI: माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन एवं सीईओ सत्या नडेला ने सुपरइंटेलिजेंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास को लेकर मानव नियंत्रण और व्यापक पहुंच को जरूरी बताया है। उन्होंने कहा कि यदि विकसित किया गया एआई मानवता के हित में काम नहीं करता और मानव नियंत्रण में नहीं रहता तो ऐसी तकनीक विकसित करने का प्रयास उचित नहीं है।

एआई का लाभ व्यापक रूप से पहुंचाने पर जोर

नडेला ने X पर एक पोस्ट में कहा कि एआई के लाभों को देशों, समुदायों और कंपनियों तक व्यापक रूप से पहुंचाने की जरूरत है। इसके लिए ऐसा फ्रंटियर इकोसिस्टम होना चाहिए, जिसमें क्लोज्ड और ओपन-सोर्स दोनों तरह के मॉडल विकसित हो सकें। उनके मुताबिक एआई का भविष्य कुछ चुनिंदा संस्थाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए।

कंपनियों के अपने ज्ञान पर नियंत्रण की वकालत

उन्होंने कंपनियों के लिए अपने विशिष्ट और व्यावहारिक ज्ञान पर पूर्ण नियंत्रण बनाए रखना भी जरूरी बताया। नडेला के अनुसार प्रत्येक संगठन को किसी एक मॉडल प्रदाता पर निर्भर हुए बिना अपनी निरंतर सीखने की प्रणाली विकसित करने में सक्षम होना चाहिए। कंपनियों के पास अपने ज्ञान को उन मॉडलों और मॉडल वेट्स में शामिल करने की क्षमता होनी चाहिए, जिन पर उनका नियंत्रण है।

व्यापक भागीदारी जरूरी

नडेला ने एआई के विकास में सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए शोध, मूल्यांकन और सोच-समझकर आगे बढ़ने की जरूरत बताई। उन्होंने ‘एम्बेडेड इवैल्यूएटर्स’ जैसी अवधारणाओं और एआई सुरक्षा के लिए तंत्र विकसित करने के प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एआई पर नियंत्रण कुछ संस्थाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि देशों, विभिन्न क्षेत्रों और अकादमिक जगत समेत पूरे इकोसिस्टम की व्यापक भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट एआई स्टैक की हर परत पर व्यापक पहुंच और विकल्प, उद्यमों के नियंत्रण तथा अपने मॉडल के लिए ‘कोड ऑफ कंडक्ट’ पर काम कर रहा है।