राहुल के निशाने पर मोदी, शाह और संघ

राहुल के निशाने पर मोदी, शाह और संघ
  • रचनात्मक काँग्रेस के कन्वेंशन में भाष-बोली को लेकर बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया

काँग्रेस नेता राहुल गांधी ने रचनात्मक काँग्रेस के  नेशनल कन्वेंशन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर निशाना साधा।

गुरुवार की शाम नई दिल्ली में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने जिस तरह की बोली और भाषा का इस्तेमाल किया उसे लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

राहुल ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को चैन से सोने नहीं देंगे। उन्होंने घरेलू मुद्दों को लेकर तो दोनों नेताओं पर निशाना साधा ही, साथ ही प्रधानमंत्री की विदेश नीति पर भी सवाल खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि ईरान हमारा पुराना दोस्त है, अमेरिका और रूस भी हमारे दोस्त है तो हम इनकी आपस में दोस्ती करा सकते थे। लेकिन पाकिस्तान हमारी जगह उठाकर ले गया।चीन को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल खड़े किए।

काँग्रेस नेता ने विदेश नीति पर बात करते करते प्रधामंत्री की नक़ल उतारते हुए रचनात्मक काँग्रेस के अध्यक्ष संदीप दीक्षित को गले लगा लिया। हालांकि इस गले मिलने पर भी विवाद खड़ा हो गया है क्योंकि दीक्षित ने इसके बाद इटली की प्रधानमंत्री को लेकर एक टिप्पणी कर दी।

राहुल गाधी ने इस कार्यक्रम में संघ पर भी निशाना साधा और कहा कि संघ ने उन लोगों का साथ छोड़ दिया जो लोग संघ के साथ थे। उन्होंने कहा, ‘छोटे-छोटे कारोबारियों की ताक़त RSS थी जिन्हें RSS ने ही नोटबंदी करके धोखा दे दिया और ग़लत GST लगाकर खत्म कर दिया।’

विपक्ष के नेता ने कहा कि अभिव्यक्ति को दबाना नहीं चाहिए और ‘जिस दिन RSS के Expression को देश से ख़त्म करने की बात होगी, उस दिन मैं उनकी रक्षा करूंगा, क्योंकि Expression उनका भी है।’

अपनी बातों को रखने के लिए राहुल गांधी ने जिस शैली और भाषा का इस्तेमाल किया उससे बीजेपी के नेताओं में नाराजगी है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘ राहुल गांधी की भाषा और राजनीतिक आचरण का स्तर दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री और इटली की राष्ट्राध्यक्ष जैसी संवैधानिक एवं सम्मानित शख्सियतों के लिए जिस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, वह किसी भी सभ्य लोकतांत्रिक और राजनीतिक संस्कृति के लिए शर्मनाक है।