पंजाब के संगरूर में आयोजित कांग्रेस की इंसाफ रैली में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद सबसे बड़ी समस्या बन चुके हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव के दौरान राज्य को नशामुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री खुद हर शाम नशे की गिरफ्त में रहता हो, वह जनता को इससे कैसे बचा सकता है।
रैली के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती भी दी। इसके अलावा उन्होंने पंजाब सरकार को दिल्ली से चलाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के फैसले पंजाब के नेताओं को ही लेने चाहिए। मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान राहुल गांधी को हल और तलवार भी भेंट की गई।
सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र कर भावुक हुए राहुल गांधी
अपने संबोधन की शुरुआत में राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र किया। उन्होंने मूसेवाला के साथ हुई अपनी पुरानी मुलाकात को याद करते हुए उन्हें बेहद प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा बताया।
राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि जिस सोच ने उन्हें दिन-दहाड़े गोलियों से भून दिया, वह बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जिस पिता को अपने जवान बेटे की अर्थी देखनी पड़े, उससे बड़ा दर्द कोई नहीं हो सकता।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा हटाए जाने के बाद सरेआम उनकी हत्या कर दी गई।
पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर मान सरकार पर निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या लंबे समय से गंभीर बनी हुई है। उन्होंने याद दिलाया कि जब वह पहले पंजाब आए थे और उन्होंने नशे का मुद्दा उठाया था, तब बीजेपी और अकाली दल ने उनकी बात को नकार दिया था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे और गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाने के लिए उद्योग, फैक्ट्रियों और खेती-किसानी को मजबूत करना जरूरी है। राहुल गांधी के मुताबिक, इन क्षेत्रों को मजबूत किए बिना पंजाब को इन समस्याओं से बाहर निकालना मुश्किल है।
आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय पार्टी ने पंजाब से नशा पूरी तरह खत्म करने का वादा किया था। लोगों ने उस पर भरोसा भी किया, लेकिन अब सवाल यह है कि राज्य के किस हिस्से से नशा खत्म हुआ है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने लोकसभा के दिनों का एक संस्मरण साझा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो मुख्यमंत्री खुद हर शाम नशे की गिरफ्त में रहता हो, वह जनता को नशे से कैसे बचा सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब को ऐसा नेतृत्व चाहिए, जिसके दिल में राज्य का असली दर्द हो।
प्रधानमंत्री मोदी को बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कांग्रेस नेताओं को देशद्रोही बताते हैं, तो उन्हें किसी भी मंच पर आकर इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो एनडीटीवी के स्टूडियो में भी उनके साथ बैठ सकते हैं। उन्होंने किसी भी व्यक्ति को जज बनाने की बात कहते हुए दावा किया कि वह महज पांच मिनट में साबित कर देंगे कि असलियत क्या है।
पंजाब सरकार दिल्ली से नहीं, पंजाब से चलनी चाहिए
राहुल गांधी ने भगवंत मान सरकार पर आरोप लगाया कि पंजाब की सत्ता दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य का मुख्यमंत्री पंजाब में है, तो सरकार को दिल्ली या देश के गृह मंत्री के इशारों पर क्यों चलाया जा रहा है?
उन्होंने आम आदमी पार्टी के चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता से एमएसपी, महिलाओं को कैश ट्रांसफर और नशामुक्त पंजाब जैसे बड़े वादे किए गए थे। राहुल गांधी के मुताबिक, इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
किसानों और उद्योगों को मजबूत करने पर दिया जोर
राहुल गांधी ने पंजाब की खेती-किसानी और उद्योगों को राज्य की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सिर्फ अपने लोगों का पेट नहीं भरता, बल्कि पूरे देश को अनाज उपलब्ध कराता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में पहले खेलकूद, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल जैसे लघु और मध्यम उद्योग बड़ी संख्या में मौजूद थे। राहुल गांधी ने जोर दिया कि खेती और उद्योग, दोनों क्षेत्रों को बचाना जरूरी है। उनके मुताबिक, इनके मजबूत हुए बिना नशे की समस्या खत्म करना और गैंगस्टरवाद के खिलाफ लड़ाई जीतना मुश्किल होगा।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ही किसानों की रक्षा और उद्योगों को दोबारा पटरी पर लाने की क्षमता रखती है। अंत में उन्होंने पंजाब की जनता से राज्य में कांग्रेस की मजबूत सरकार बनाने की अपील की।
खरगे बोले- पंजाब की नीति पंजाब के नेता तय करेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन पंजाब के लिए शुभ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एक साथ हैं और रैली में जुटी बड़ी भीड़ ने एकता का संदेश दिया है।
खरगे ने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सभी दलों को एकजुट किया है। उन्होंने दिल्ली सरकार को भी वोट चोरी से बनी सरकार बताया। खरगे ने दावा किया कि अगर कांग्रेस पंजाब में चुनाव जीतती है, तो पूरे देश में भी जीत हासिल करेगी।
उन्होंने बीजेपी पर संस्थाओं को खत्म करने का आरोप लगाया और भगवंत मान सरकार को बेहद खराब सरकार बताया। खरगे ने कहा कि पंजाब की नीतियां पंजाब के नेता ही तय करेंगे।
विजयइंदर सिंगला ने संगरूर को लेकर उठाए सवाल
वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजयइंदर सिंगला ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार संगरूर से चल रही है, लेकिन इस इलाके को कुछ नहीं मिला। उन्होंने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने 12 साल में संगरूर और पंजाब के लिए कुछ नहीं किया।
सिंगला ने कहा कि यूपीए सरकार ने कैंसर अस्पताल बनवाया था।
सुखजिंदर रंधावा ने भगवंत मान पर साधा निशाना
सांसद सुखजिंदर रंधावा ने अपने संबोधन में 1957 की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस साल संगरूर से सांसद तेजा सिंह स्वतंत्र का संसद में निधन हो गया था। उनके थैले में केवल दो रोटी और अचार मिला था।
रंधावा ने इसकी तुलना मुख्यमंत्री भगवंत मान से करते हुए दावा किया कि मान के थैले से शराब की बोतलें मिली हैं।
चन्नी ने आप की रैलियों पर कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के संबोधन से पहले समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की। चन्नी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की रैलियों की तुलना करते हुए तंज कसा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली में लोग ऐसे आ रहे हैं, जैसे किसी विवाह में जा रहे हों, जबकि आप की रैलियों में लोग ऐसे जाते हैं, जैसे भोग पर जा रहे हों। चन्नी ने दावा किया कि अपने छोटे से कार्यकाल में उन्होंने हर वर्ग को राहत दी थी।
प्रताप सिंह बाजवा बोले- आप का विकल्प केवल कांग्रेस
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब का हर पंजाबी इंसाफ की मांग कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि संगरूर की रैली ने 2027 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने की नींव रख दी है।
बाजवा ने आम आदमी पार्टी की सरकार को सबसे भ्रष्ट सरकार बताया और कहा कि उसका विकल्प केवल कांग्रेस है।
परगट सिंह ने मान सरकार पर लगाए आरोप
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि पांच साल पहले संगरूर की इसी धरती से लोगों ने नए पंजाब का सपना देखा था, लेकिन उनके मुताबिक आम आदमी पार्टी की सरकार में जंगलराज जैसी स्थिति बन गई है।
उन्होंने धान की खरीद बंद होने और पंजाब के पुलिस स्टेट बनने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनौती देते हुए परगट सिंह ने कहा कि पंजाब ने न तो तानाशाही बर्दाश्त की है और न ही नफरत फैलाने वालों को स्वीकार किया है।
उन्होंने कहा कि केवल पगड़ी बांध लेने से इंकलाब नहीं आ जाता। परगट सिंह ने नशे के मुद्दे पर पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री को भी जिम्मेदार ठहराया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2029 में राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री देखना चाहता है।
सचिन पायलट ने रैली को बताया जनता के गुस्से का संकेत
पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि संगरूर में बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना इस बात का संकेत है कि जनता आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता से हटाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की आवाज हर गांव तक पहुंचाई जाएगी। पायलट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साध लेते हैं और केवल चुटकुले सुनाते हैं।