राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ का अगला पड़ाव इंदौर, रजिस्ट्रेशन जारी

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ का अगला पड़ाव इंदौर, रजिस्ट्रेशन जारी

Chhatron Ki Goonj: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। उन्होंने छात्रों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम से जुड़ने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी अपनी समस्याएं साझा करने की अपील की है।

शिक्षा व्यवस्था पर होगी चर्चा

राहुल गांधी ने कहा कि वह इंदौर में छात्रों से मिलने, उनकी बात सुनने और उनसे संवाद करने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी या उनके परिवार शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से प्रभावित हैं और बदलाव चाहते हैं तो ‘छात्रों की गूंज’ उनकी सामूहिक आवाज बनने का अवसर है। उन्होंने छात्रों से दिए गए लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।

चार शहरों में हो चुके कार्यक्रम

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम हो चुके हैं। अभियान में पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत, परीक्षा का दबाव, शिक्षा के बुनियादी ढांचे और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।पुणे का  कार्यक्रम महिलाओं की भागीदारी के लिए उल्लेखनीय है।

इंदौर में बदली कार्यक्रम की तारीख

इंदौर में कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन बाद में तारीख बदलकर 19 सितंबर कर दी गई। आयोजन के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण ने रीजनल पार्क के पास स्थित मैदान में कार्यक्रम की अनुमति दी है।

राहुल गांधी ने कहा कि इंदौर में शिक्षा के हर पहलू और छात्रों के संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। अभियान की वेबसाइट पर छात्रों से उनकी समस्याएं और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के सुझाव भी साझा करने को कहा गया है।