Pink Day ODI: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में रविवार को दक्षिण अफ्रीका की पुरुष क्रिकेट टीम विशेष गुलाबी जर्सी पहनकर मैदान में उतरी। इस मुकाबले को वार्षिक ‘पिंक डे’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ शोध और उपचार के लिए समर्थन जुटाना है।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की पहल के तहत खिलाड़ियों की जर्सी के पीछे उनके उपनाम की जगह स्तन कैंसर से जूझ रहे योद्धाओं या इस बीमारी को मात दे चुके लोगों के नाम लिखे गए हैं। इस अभियान को ‘आई पिच अप इन पिंक फॉर यू’ नाम दिया गया है। इसका मकसद कैंसर से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता जताना है।
इस पहल में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर की मां जेनी मिलर का नाम भी शामिल है। वह स्तन कैंसर से उबर चुकी हैं और उनके बेटे की जर्सी पर उनका नाम प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा महिला टीम की खिलाड़ी ताजमिन ब्रिट्स की मां जेल्डीन का नाम भी अभियान में शामिल है। पुरुषों में स्तन कैंसर से उबर चुके साइमन का नाम ट्रिस्टन स्टब्स की जर्सी पर दर्ज किया गया है।
वांडरर्स स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे से पहले दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना रखी थी। डरबन में हुए पहले मुकाबले में मेजबान टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 67 रन से हराया था।