पहलगाम के ‘असल रिज़ॉर्ट’ में भीषण आग, होटल को 50–60 करोड़ का नुकसान

Authored By: News Corridors Desk | 17 Mar 2026, 06:57 PM
news-banner

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में मंगलवार को एक होटल में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना लारीपोरा क्षेत्र स्थित ‘असल रिज़ॉर्ट’ में हुई, जहां देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस आग में होटल के अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन हादसे के बाद एक दुखद घटना भी सामने आई। आग बुझाने के बाद पीछे हट रहे दमकल वाहन की चपेट में आने से पास के एक अन्य होटल के कर्मचारी की मौत हो गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि होटल की तीन इमारतें और एक वाहन इसकी चपेट में आ गए। मौके पर हालात को काबू में करने के लिए पहलगाम, सल्लार, अनंतनाग और अश्मुकाम से दमकल की कई टीमें तुरंत पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी चुनौती रसोई में रखे गैस सिलेंडरों के लगातार फटने की रही। एक के बाद एक हुए एलपीजी सिलेंडर धमाकों के कारण आग और भड़कती चली गई, जिससे दमकल कर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

इस घटना में होटल को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। रिज़ॉर्ट प्रबंधन के अनुसार, आग में करीब 50 से 60 करोड़ रुपये तक की संपत्ति जलकर खाक हो गई। रिज़ॉर्ट के मैनेजर उमर हुसैन ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी तीनों इमारतें पूरी तरह से आग की चपेट में आ गईं। उन्होंने बताया कि इस नुकसान से होटल को बड़ा झटका लगा है और इससे उबरने में काफी समय लग सकता है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण लगी हो सकती है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।