हाइलाइट्स :
• एमवी केप दाओ पर हमले में एक भारतीय की मौत
• जहाज पर सवार 20 भारतीय नाविकों में 19 बचाए गए
• मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों के संपर्क में
Attack on MV CapeDao : भारत ने ओमान के पूर्वी तट के पास वाणिज्यिक जहाज एमवी केप दाओ पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने 23 सितंबर को जारी बयान में बताया कि जहाज पर सवार 20 भारतीय नाविकों में से 19 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय नागरिक की हमले में मौत हो गई।
आपको बता दें कि 23 सितंबर 2026 को ओमान के मुसंदम तट के पास भारत जा रहे बहामियन ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज एमवी केप दाओ पर अज्ञात प्रक्षेप्य से हमला हुआ। जहाज में आग लगी और एक भारतीय नाविक की मौत हुई। हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान में मृतक भारतीय के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्रालय ने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है और भारतीय नाविकों की जल्द स्वदेश वापसी के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। भारत ने इस संबंध में ओमानी अधिकारियों के सहयोग के लिए भी आभार जताया है।
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया। भारत ने तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपनी अपील दोहराई।
बयान में कहा गया कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने का सिलसिला समाप्त होना चाहिए। भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से स्वतंत्र और निर्बाध नौवहन तथा वाणिज्य जल्द बहाल करने की भी अपील की।