हाइलाइट्स :
• दो अभियानों में 61 करोड़ रुपये से अधिक का सोना बरामद
• पलवल में दो वाहनों से 15.18 किलो सोना मिला
• जेवर में यात्री से 5.8 किलो विदेशी सोना बरामद
• पांच आरोपियों को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया
Gold Smuggling : राजस्व खुफिया निदेशालय DRI ने सोने की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अभियानों में करीब 21 किलो विदेशी मूल का सोना जब्त किया है। इसकी कुल कीमत 61 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। दोनों मामलों में पांच लोगों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया।
DRI अधिकारियों ने 19 सितंबर को विशेष सूचना के आधार पर पलवल टोल प्लाजा के पास दो नई थार गाड़ियों को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों के पिछले पहियों के ऊपर चेसिस में विशेष रूप से बनाई गई छिपी जगह का पता चला। जांच में सामने आया कि चेसिस के एक हिस्से को काटकर दोबारा वेल्ड किया गया था। इन छिपे हिस्सों से कुल 15.18 किलो सोने की छड़ें बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 23.30 करोड़ रुपये है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह सोना म्यांमार से तस्करी कर लाया गया था। वाहनों के साथ मौजूद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले 16 सितंबर को डीआरआई ने जेवर टोल प्लाजा पर बस से गोरखपुर से दिल्ली जा रहे एक यात्री को पकड़ा था। व्यक्तिगत तलाशी में विशेष रूप से तैयार सूती कमरबंद में छिपाकर रखा गया 5.8 किलो विदेशी मूल का सोना बरामद हुआ। इसमें एक-एक किलो की पांच सोने की छड़ें और करीब 800 ग्राम कटे हुए टुकड़े शामिल थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि सोना उसे काठमांडू में सौंपा गया था और भारत-नेपाल भूमि सीमा के रास्ते देश में लाया गया।
डीआरआई के अनुसार पिछले तीन सप्ताह में विभिन्न अभियानों में करीब 123 किलो सोना और 10 किलो चांदी जब्त की गई है, जिनकी संयुक्त कीमत 187 करोड़ रुपये से अधिक है। इस दौरान सोने की तस्करी के आरोप में 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।