रजनीकांत की वजह से धनुष ने टाल दी अपनी ‘ओम’ की रिलीज

रजनीकांत की वजह से धनुष ने टाल दी अपनी ‘ओम’ की रिलीज
हाइलाइट :
15 अक्टूबर को रिलीज होगी रजनीकांत की ‘जेलर 2’
धनुष की ‘ओम’ की रिलीज डेट आगे बढ़ी
दिवाली पर भी रिलीज नहीं होगी धनुष की फिल्म
नई रिलीज डेट जल्द घोषित करने की तैयारी

अभिनेता धनुष ने रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ के सम्मान में अपनी आगामी फिल्म ‘ओम’ की रिलीज टालने का फैसला किया है। रजनीकांत की फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आने वाली है, जबकि धनुष की फिल्म इससे एक दिन बाद रिलीज होने वाली थी।

धनुष ने सोशल मीडिया X पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

धनुष ने कहा कि ऐसे समय में किसी फिल्म की रिलीज तारीख बदलना अपने साथ कई चुनौतियां लेकर आता है। उन्होंने रजनीकांत को अपना और फिल्म जगत का सुपरस्टार बताते हुए कहा कि उनके प्रति सम्मान के कारण ‘ओम’ की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। फिल्म की नई रिलीज तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

धनुष ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी फिल्म इस साल दिवाली पर भी रिलीज नहीं होगी। उन्होंने बताया कि दिवाली के लिए अभिनेता सूर्या की फिल्म की रिलीज तारीख पहले ही घोषित की जा चुकी है। धनुष के मुताबिक, संबंधित फिल्म की तारीख पहले घोषित हुई थी और बड़ी फिल्मों के बीच आपसी समझ तथा एक-दूसरे के फैसलों के प्रति सम्मान होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि फिल्मों की रिलीज से जुड़े फैसलों में पूरे सिनेमा और फिल्म उद्योग के व्यापक हित को ध्यान में रखना चाहिए। धनुष ने अपने संदेश का समापन ‘ओम नम: शिवाय’ के साथ किया। ‘ओम’ की नई रिलीज तारीख की घोषणा फिलहाल बाकी है।