Vishal Mishra: 2027 में छठ पर हर श्रद्धालु को उसके घर पहुंचाएंगे सिंगर विशाल मिश्रा?

Vishal Mishra: 2027 में छठ पर हर श्रद्धालु को उसके घर पहुंचाएंगे सिंगर विशाल मिश्रा?
हाइलाइट्स
• 2027 से छठ पर श्रद्धालुओं को घर पहुंचाने में मदद करेंगे विशाल मिश्रा।
• बोले- कोई भी व्यक्ति छठ पर परिवार से दूर न रहे।
• नेपाल और असम के कॉन्सर्ट की कमाई बाढ़ राहत के लिए की थी दान।

Chhat Puja 2026: छठ महापर्व पर घर जाने के लिए श्रद्धालु बेहद उत्सुक रहते हैं। काम के सिलसिले में घर-बाहर छोड़कर शहर में नौकरी करने वालों का सबसे बड़ा सपना केवल एक ही होता है कि किसी भी तरह छठ पर अपने अपनों के पास यानी घर पहुंच जाएं इसके लिए कोई महीने भर पहले टिकट बुक करता है तो कोई ऑफिस में छुट्टी के लिए आवेदन कर बैग पैक करता है लेकिन ट्रेन की मारामारी, अत्यधिक भीड़ या किसी भी परेशानी के चलते अक्सर कोई ना कोई किसी तरह अपने घर नहीं पहुंच पाता। बस इसी परेशानी को देखते हुए सिंगर विशाल मिश्रा ने एक जबरदस्त संकल्प लिया है। विशाल मिश्रा ने छठ महापर्व पर घर जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी कम करने के लिए एक खास पहल की है। उन्होंने ऐलान किया है कि 2027 से वह और उनके साथी ज्यादा से ज्यादा लोगों को त्योहार के मौके पर उनके घर पहुंचाने की कोशिश करेंगे। विशाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उन लोगों की मुश्किलों का जिक्र किया, जिन्हें हर साल छठ पर घर लौटने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

विशाल मिश्रा ने अपने इंस्टाग्राम नोट में लिखा, 'हर साल छठ महापर्व पर अपने घर लौटने के लिए लाखों श्रद्धालुओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।' उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि छठ के मौके पर कोई भी व्यक्ति अपने परिवार से दूर न रहे।

छठ पर घर पहुंचाने के लिए विशाल मिश्रा ने क्या कहा?

विशाल मिश्रा ने अपने पोस्ट में अगले साल से इस दिशा में काम करने का संकल्प साझा किया। उन्होंने लिखा, 'अगले साल से हम और हमारे सभी साथी ये संकल्प लेते हैं कि जितना भी संभव होगा, उतने लोगों को छठ पर उनके घर पहुंचाने की कोशिश करेंगे। कोई छठ महापर्व पर अपने परिवार से दूर न रह जाए, बस यही हमारा प्रयास रहेगा। जय छठी मइया!'

इस तरह सिंगर ने छठ पर अपने घर जाने की कोशिश कर रहे श्रद्धालुओं की मदद के लिए अपनी और अपने साथियों की ओर से हर संभव प्रयास करने की बात कही है।

इससे पहले विशाल मिश्रा ने नेपाल और असम में कॉन्सर्ट करने की घोषणा की थी। इन दोनों कार्यक्रमों से होने वाली कमाई उन्होंने बाढ़ राहत कार्यों के लिए दान की थी।

विशाल मिश्रा के करियर और हिट गानों का सफर

विशाल मिश्रा पहली बार DD नेशनल पर प्रसारित एक रियलिटी शो में नजर आए थे। उन्होंने 'इंडियन आइडल' के लिए ऑडिशन भी दिया था, लेकिन उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

35 साल के विशाल ने साल 2016 में तमिल फिल्म 'देवी' के साथ संगीतकार के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद 2017 में उन्होंने फिल्म 'करीब करीब सिंगल' के लिए 'जाने दे' गाना कंपोज किया, जिसे आतिफ असलम ने आवाज दी थी।

विशाल ने 'मुन्ना माइकल' और मराठी फिल्म 'FU: फ्रेंडशिप अनलिमिटेड' के लिए भी संगीत तैयार किया। वहीं, फिल्म 'यमला पगला दीवाना फिर से' के लिए उन्होंने 'रफ्ता रफ्ता' की धुन बनाई। साल 2018 में यह उनका पहला प्रोजेक्ट था।