पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के फिर से एक साथ आने पर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दोनों दलों के गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां सत्ता के लिए कभी साथ आती हैं, फिर अलग हो जाती हैं और बाद में दोबारा गठबंधन कर लेती हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है।
केजरीवाल बोले- पंजाब के विकास के लिए काम कर रही AAP
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता देख सकती है कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की स्थिति सुधारने के लिए कितनी लगन से काम किया है। उनके मुताबिक, पिछले 70-75 वर्षों में पंजाब को जो नुकसान हुआ, उसकी भरपाई करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
केजरीवाल ने कहा, "हम लोगों का गठबंधन तो पंजाब की जनता साथ है। ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं, कभी अलग हो जाते हैं, और फिर दोबारा साथ आ जाते हैं। वहीं दूसरी ओर हम पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं। पूरा पंजाब देख सकता है कि पिछले पांच वर्षों में भगवंत मान ने चीजों को ठीक करने के लिए कितनी लगन से काम किया है, ताकि पिछले 70-75 वर्षों में पंजाब को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।"
अमित शाह ने किया भाजपा-अकाली गठबंधन का ऐलान
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन की घोषणा मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की। इस दौरान अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने बताया कि दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि अकाली दल अब एनडीए के सहयोगी के रूप में काम करेगा।
'एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी वापस आया'
गठबंधन की वापसी पर खुशी जताते हुए अमित शाह ने शिरोमणि अकाली दल को एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी बताया। उन्होंने कहा कि अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल का गठबंधन में स्वागत है।
शाह ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से एनडीए के विस्तार को लेकर बात की थी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल और भाजपा अध्यक्ष को फोन किया। शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि बादल साहब की पार्टी के बिना एनडीए अधूरा था और अब गठबंधन पूरा हो गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गठबंधन पंजाब, पूरे देश और दुनिया भर में हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा।
सुखबीर बादल ने कांग्रेस और AAP पर साधा निशाना
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा के साथ गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में है।
बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर पंजाब को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "केजरीवाल की टीम पंजाब को लूट रही है। पंजाब को फिर से सोने की चिड़िया बनाएंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि यह गठबंधन नौजवानों और किसानों के हित में है।