पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों दलों के गठबंधन का ऐलान किया। इस दौरान अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे।
बीजेपी मुख्यालय में दोपहर करीब एक बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने साफ किया कि दोनों पार्टियां अगला पंजाब विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के तहत लड़ेंगी। उन्होंने अकाली दल की वापसी का स्वागत करते हुए इसे एनडीए के लिए खुशी का मौका बताया।
अमित शाह बोले- अकाली दल के आने से NDA पूरा हुआ
गठबंधन की घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा कि अकाली दल और बीजेपी ने मिलकर अगला पंजाब विधानसभा चुनाव एनडीए के तौर पर लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अकाली दल एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी रहा है और अब उसकी वापसी हुई है।
शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस मुद्दे पर बातचीत हुई थी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के अध्यक्ष को फोन कर गठबंधन में वापसी पर खुशी जताई। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि अकाली दल के आने से एनडीए पूरा हुआ है।
पंजाब के लिए तीन प्रमुख लक्ष्य, 2029 तक नशामुक्ति का वादा
अमित शाह ने पंजाब के लिए गठबंधन के कुछ प्रमुख लक्ष्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य से नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना तथा राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा। शाह ने बताया कि पंजाब के रोडमैप को लेकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच तीन महीने तक लंबी चर्चा हुई है।
इस दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। अमित शाह ने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों ने कुछ नहीं किया है।
2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर अलग हुए थे दोनों दल
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक एक-दूसरे के सहयोगी रहे, लेकिन सितंबर 2020 में तीन विवादित कृषि कानूनों को लेकर दोनों के बीच मतभेद हो गए। इसके बाद गठबंधन टूट गया था। किसानों के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के बाद केंद्र सरकार ने इन कानूनों को वापस ले लिया था।
हाल के दिनों में दोनों दलों के नेताओं की ओर से दोबारा साथ आने के संकेत मिल रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हाल ही में कहा था कि पंजाब में एनडीए सत्ता में आएगा।
लोकसभा और विधानसभा चुनावों में साथ रहा है दोनों का सफर
बीजेपी और अकाली दल ने गठबंधन में रहते हुए छह लोकसभा चुनाव लड़े। इनमें 1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 के चुनाव शामिल हैं। इसके अलावा दोनों दलों ने 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव भी साथ लड़े थे।
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां अलग-अलग मैदान में उतरी थीं। उस चुनाव में अकाली दल को सिर्फ तीन सीटें मिलीं, जबकि बीजेपी के खाते में दो सीटें आईं। इसके मुकाबले 2017 में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ते हुए अकाली दल ने 15 और बीजेपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी।
2024 के लोकसभा चुनाव में भी नहीं बन पाई थी बात
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर काफी चर्चा हुई थी, लेकिन दोनों दल साथ नहीं आ सके। उस चुनाव में पंजाब में अकाली दल को केवल एक सीट मिली, जबकि बीजेपी राज्य में अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
अब दोनों पार्टियों ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव NDA के तहत लड़ने का फैसला किया है। ऐसे में गठबंधन की वापसी के साथ पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बीजेपी और अकाली दल साथ नजर आएंगे।