राहुल गांधी ने मां सोनिया और प्रियंका से की खास बातचीत, 500 पन्नों की किताब को लेकर कही ये बात

राहुल गांधी ने मां सोनिया और प्रियंका से की खास बातचीत, 500 पन्नों की किताब को लेकर कही ये बात
हाइलाइट्स
• राहुल गांधी ने सोनिया और प्रियंका के साथ साझा कीं पुरानी यादें
• पिता राजीव गांधी की सुरक्षा वापस लेने का भी किया जिक्र
• मां की 500 पन्नों से ज्यादा की किताब पर कही खास बात

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने परिवार से जुड़ी कई पुरानी यादें साझा कीं। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान राहुल ने अपने बचपन, सातवें जन्मदिन और पिता राजीव गांधी से जुड़ी बातों का भी जिक्र किया।

राहुल गांधी ने बताया कि कई चीजें तय योजना के मुताबिक नहीं हुईं। यहां तक कि उनका सातवां जन्मदिन भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहा। उन्होंने अपनी मां की किताब और उसमें शामिल न की गई कुछ बातों का भी उल्लेख किया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?

राहुल गांधी ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'यह प्रस्ताव योजना के मुताबिक आगे नहीं बढ़ा। मेरा सातवां जन्मदिन भी योजना के मुताबिक नहीं रहा'।

उन्होंने 2004 के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि इससे परिवार के कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ लोगों को खुशी हुई। राहुल ने अपने पिता की सुरक्षा वापस लेने के पीछे एक इरादे की बात भी लिखी।

मां की किताब में अब भी शामिल नहीं हैं कुछ बातें

राहुल गांधी ने बताया कि उनकी मां ने 500 से ज्यादा पन्नों की किताब लिखने के बावजूद कुछ बातें उसमें शामिल नहीं की हैं। उन्होंने लिखा कि वह और प्रियंका गांधी अपनी मां के साथ बैठे और इन सभी बातों पर चर्चा की।

पुरानी यादों को फिर से याद करने के अनुभव को साझा करते हुए राहुल ने लिखा, 'प्रियंका और मैं अपनी मां के साथ बैठे। हमने इन सभी बातों पर चर्चा की। उन पुरानी यादों को फिर से जीने से उस समय की खुशियां, हंसी और दर्द सब कुछ फिर ताजा हो गया।'

सोनिया गांधी के सफर को लेकर राहुल ने कही ये बात

राहुल गांधी ने अपनी मां के सफर और उनके व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए लिखा कि उनका अपनापन और अपनी पहचान तलाशने का सफर प्यार और बड़ी त्रासदियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इन सभी परिस्थितियों का सामना गरिमा और साहस के साथ किया है।