शेख हसीना की वतन वापसी पर बांग्लादेश का सख्त रुख, कहा- लौटते ही पहनाई जाएगी हथकड़ी

शेख हसीना की वतन वापसी पर बांग्लादेश का सख्त रुख, कहा- लौटते ही पहनाई जाएगी हथकड़ी
हाइलाइट्स
• 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना पर सरकार सख्त
• हुमायूं कबीर बोले- वापसी पर शेख हसीना होंगी गिरफ्तार
• भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीजीबी ने बढ़ाई गश्त

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को देश लौटने की योजना को लेकर वहां की सरकार ने अपना रुख साफ कर दिया है। सरकार ने उनकी वापसी की संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि अगर वह बांग्लादेश आती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने विदेशी राजनयिकों को सरकार के इस रुख की जानकारी दी और बाद में पत्रकारों से बातचीत में भी इसे दोहराया।

हसीना ने ढाका सरकार से दिल्ली से बांग्लादेश आने के लिए राष्ट्रीय एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने यात्रा से जुड़ी जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कराने में मदद मांगी है।

शेख हसीना की वापसी पर सरकार ने क्या कहा?

बांग्लादेश सरकार ने ढाका में मौजूद विदेशी राजनयिकों को बताया है कि शेख हसीना की पार्टी 'अवामी लीग' ने आतंकवादी गतिविधियां शुरू कर दी हैं। सरकार के मुताबिक, अगर पार्टी के लोग वापस लौटने की कोशिश करते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने राजनयिकों को मौजूदा हालात और सरकार के रुख से अवगत कराया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, 'शेख हसीना कोई आम यात्री नहीं हैं जो बस देश लौटने का फैसला कर लें। चूंकि उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है, इसलिए अगर वह वापस आती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।'

'इच्छा और वास्तविकता में फर्क है'

हुमायूं कबीर ने शेख हसीना की वापसी की इच्छा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, 'इच्छा और वास्तविकता में फर्क होता है। बांग्लादेश की जनता ने आंदोलन के जरिए उन्हें नकार दिया है। इसलिए बांग्लादेश उन्हें स्वीकार नहीं करेगा। अगर वह आती हैं, तो उन्हें हथकड़ी पहना दी जाएगी।'

उनके इस बयान से साफ है कि बांग्लादेश सरकार फिलहाल हसीना की वापसी को लेकर कोई नरम रुख अपनाने के पक्ष में नहीं है। अधिकारियों ने भी संकेत दिया है कि उनके लौटने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भारत-बांग्लादेश सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी

शेख हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की घोषणा के बाद बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर गश्त बढ़ा दी है। जुलाई 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में ही रह रही हैं।

उनकी वापसी से जुड़े बयान के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ा है और सीमा के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठकें

बदलते हालात के बीच बांग्लादेश में विपक्षी दलों समेत कई राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठकें की गईं। 'नेशनल सिटीजन पार्टी' के नेताओं के साथ हुई बैठक में भी शेख हसीना की वापसी का मुद्दा उठा। पार्टी के संयोजक ने इस बात पर चर्चा की कि उन्हें बांग्लादेश लौटने से कैसे रोका जाए।

गौरतलब है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में 'विजय दिवस' के रूप में मनाया जाता है। यह दिन 1971 में पाकिस्तानी सेना के आत्मसमर्पण और बांग्लादेश के एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उभरने की याद में मनाया जाता है।