-
झारखंड का हित प्रभावित होने को लेकर राहुल गांधी को भी लिखा पत्र
|
Hemant Soren writes PM Modi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर खदान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 पर फिर से विचार करने का आग्रह किया है।
सोरेन ने गुरुवार को यह पत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Bill, 2026 के प्रावधान झारखंड जैसे खनिज-समृद्ध राज्यों के संवैधानिक अधिकारों, राजस्व, विकास और संघीय ढांचे पर गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं।
सोरेन ने इस मुद्दे को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी एक पत्र लिखकर उनसे मामले में मदद करने को कहा है।
झारखंड के मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में सवाल किया कि खनिज झारखंड का, जमीन झारखंड की—तो हमारे हक-अधिकार का फैसला दिल्ली क्यों करेगी? उन्होंने कहा कि इसके लिए झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसे पूरा देश देखेगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा - दोनों सदनों में जल्दबाजी में खान और खनिज संशोधन विधेयक पास करा केंद्र सरकार ने झारखंड के हाथ-पैरों को काटने का काम किया है।
उन्होंने कहा, ‘यह काला बिल झारखंड और झारखंडियों के साथ अन्याय है, उनके विकास और भविष्य पर बहुत बड़ा कुठाराघात है। झारखंड यह सौतेला व्यवहार नहीं सहेगा।’
उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इसका पुरजोर विरोध करता है। अगर केंद्र सरकार ने यह काला बिल वापस नहीं लिया तो झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसे पूरा देश देखेगा।