जम्मू। सिनेमा, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, जम्मू-कश्मीर सरकार ने एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित करने की योजना शुरू की है।
यह निर्णय मुख्य सचिव अटल दुल्लू की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया।बैठक के दौरान, मुख्य सचिव ने सूचना विभाग को केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले इस पहले फिल्म महोत्सव की तैयारियों को शुरू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने गोवा में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव का उदाहरण देते हुए राष्ट्रीय स्तर के एक पेशेवर रूप से प्रबंधित कार्यक्रम की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए निर्णय लिया गया कि महोत्सव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए जल्द से जल्द एक समर्पित समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति कार्यक्रम के सुचारू और सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए योजना, समन्वय और समग्र पर्यवेक्षण के लिए जिम्मेदार होगी।
यह पहल जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय स्तर पर फिल्म पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के एक जीवंत केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।