हाइलाइट्स :
• भारतीय रेलवे की बड़ी पहल
• प्राकृतिक गैस से भी चलेगी ट्रेन
• गृहमंत्री शाह ने गुजरात में दिखाई हरी झंडी
LNG Train Operational: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के साबरमती स्टेशन से देश की पहली एलएनजी Liquefied Natural Gas यानी तरलीकृत प्राकृतिक गैस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। शाह ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे में बदलाव किए जबकि कांग्रेस पार्टी घोटालों में उलझी रही थी।
शाह ने कहा '2014 से पहले देश को एक परिवार चला रहा था। उन्होंने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रैपिड रेल सिस्टम, प्रीमियम स्टेशन जो कि पीएम मोदी ने शुरू किए हैं। यही नहीं हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन शुरू करके पीएम ने भारत को दुनिया के चार चुनिंदा देशों में शामिल कर दिया।
मोदी पर चार आने भ्रष्टाचार का आरोप नहीं
शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में घोटालों के अलावा कुछ नहीं किया जबकि मोदी पर 12 साल के कार्यकाल में कोई चार आने के भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा पाया जबकि कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ रुपये के फ्रॉड, घोटाले और भ्रष्टाचार के अलावा और कुछ नहीं किया।'
रेलवे में इलेक्ट्रिफिकेशन पर क्या बोले?
अमित शाह ने बताया कि पीएम के कार्यकाल में ही रेलवे का 70 फीसदी इलेक्ट्रिफिकेशन भी हुआ है। रेलवे में अबतक 99.6 फीसदी इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। बाकी बचे काम को भी पूरा कर लिया जाएगा। चीन में रेलवे का 92 प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन, स्पेन में 68 फीसदी, फ्रांस में 60 फीसदी और ब्रिटेन जैसे छोटे देश में 49 फीसदी है।
क्या है इस ट्रेन की खूबी
1. एलएनजी और डीजल दोनों ईंधनों का इस्तेमाल
2. डीपीसी में करीब 2,200 लीटर क्षमता वाला एलएनजी टैंक
3. डीजल की खपत में करीब 40% तक कमी का लक्ष्य
4. वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा
5. रेलवे के हरित परिवहन अभियान को बढ़ावा
6. प्रदूषण और उत्सर्जन कम करने की दिशा में प्रयास