हाइलाइट
• 85 पदकों से भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा
• भारत ने एशियन गेम्स में शनिवार को पांच गोल्ड समेत नौ पदक जीते
• हॉकी की दोनों भारतीय टीमों ने ओलंपिक टिकट हासिल किया
Asian Games 2026 India: भारत ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल्ड समेत कुल नौ पदक जीते । भारतीय पुरुष हॉकी और क्रिकेट टीम ने गोल्ड अपने नाम कर लिया । पदकों की झड़ी से भारत ऊंची छलांग लगाते हुए तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। यह उसका सर्वश्रेष्ठ दूसरा बड़ा प्रदर्शन है।
शनिवार को भारत ने मेंस क्रिकेट, आर्चरी, गोल्फ और कुश्ती में भी 1-1 गोल्ड जीता । भारत के अब 21 गोल्ड सहित कुल 85 मेडल हो गए हैं। यह एशियाड में भारत का अब तक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 2023 में भारत ने 28 गोल्ड सहित 106 मेडल जीते थे।
प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलयेशिया को 5-1 से हराकर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत लिया। इस बार भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने एक ही एशियाड में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया। इसके साथ ही दोनों टीमों ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर एशियन गेम्स 2026 का स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले 2023 हांगझोउ एशियाड में भी भारत ने गोल्ड जीता था। क्रिकेट में भारत ने महिला और पुरुष दोनों वर्गों में स्वर्ण अपने नाम किया है।
इसके अलावा कुमकुम महोद ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा और प्रणवी शरत उर्स ने महिला व्यक्तिगत गोल्फ में ऐतिहासिक गोल्ड जीता। कुश्ती में अमन सहरावत ने स्वर्ण, अंतिम पंघाल ने रजत और दीपक पूनिया ने कांस्य पदक जीता, जबकि तीरंदाजी में नीरज चौहान ने कांस्य पदक अपने नाम किया।