फिल्म अभिनेता शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी कर देशवासियों से देश को गौरवान्वित करने के लिए छोटा सा योगदान करने का आग्रह किया है।
‘रोमांस किंग’ शाहरुख ने AI से बनी अपनी तस्वीर के साथ यह संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया जिसमें वह पारंपरिक भारतीय पोशाक में नज़र आ रहे हैं। बैकग्राउंड में भारतीय तिरंगे में शामिल रंगों को AI से उभारा गया है।
शाहरुख की ये तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों का ख़ूब ध्यान खींच रही है।
शाहरुख ने लिखा
भारतीय होने में कुछ खास बात है। यहाँ के रंग, अलग-अलग तरह की चीज़ें, खूबसूरत विविधताएँ, जोश और सबसे बढ़कर, खुद से भी बड़ी किसी चीज़ का हिस्सा होने का एहसास। हमारा देश।हम हमेशा अपनी चीज़ों की कद्र करें और अपने देश को गौरवान्वित करने के लिए अपना छोटा-सा योगदान दें।
उन्होने कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है और यह पहचान बहुत पसंद है। इसके साथ ही उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
अमिताभ बच्चन
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मेगा स्टार अमिताभ बच्चन ने तिरंगे के साथ अपना वीडियो पोस्ट करते हुए अपने T 5825(i) में लिखा
दिवस स्वतंत्रता का; शुभ दिन बधाई का! वंदे मातरम!!!
अमिताभ ने इससे पहले इसी संख्या से यही ट्वीट किया था लेकिन उसमें वीडियो नहीं था। शायद इसीलिए उन्होंने दोबारा तिरंगा लहराते अपने वीडियो के साथ दूसरा पोस्ट शेयर किया।
ऋृतिक रोशन
अभिनेता ऋृतिक रोशन ने इस मौके पर X पर लिखा
स्वतंत्रता दिवस की बधाई, मेरा भारत और आप सभी सुंदर लोग। जयहिंद।
दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेता चिरंजीवी कोनिडेला ने दुनियाभर के भारतीयों को शुभकामना देते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत के 80 वर्ष पूरे हो रहे हैं । “हमारी स्वतंत्रता उन अनगिनत महान आत्माओं के बलिदानों, संघर्षों और साहस की अनमोल विरासत है जिन्होंने भारत के लिए संघर्ष किया।आइए, हम अपनी विरासत को संजोकर, अपनी स्वतंत्रता की रक्षा करके और आने वाली पीढ़ियों को गौरवान्वित करके उनकी विरासत का सम्मान करें।”