India vs Pakistan Gold Medal Match Live Score: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। निशिन सिटी के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है और हसन नवाज ने अर्धशतक जड़ दिया है।
भारत की ओर से तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 61 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
पाकिस्तान की शुरुआत संभली
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत सधी हुई रही। कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े।
वॉशिंगटन सुंदर ने चौथे ओवर में फरहान को 11 गेंदों में 10 रन के स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद पाकिस्तान को लगातार झटके लगे और स्कोर 3 विकेट पर 39 रन हो गया।
अक्षर पटेल ने पांचवें ओवर में विकेटकीपर उसमान खान को आउट किया। उसमान ने 6 गेंदों में 3 रन बनाए। इसके बाद सातवें ओवर में अक्षर ने सदाकत को भी पवेलियन भेज दिया। सदाकत ने 18 गेंदों में 23 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल थे।
इसके बाद हसन नवाज ने पारी को संभाला और फाइनल में अर्धशतक पूरा किया। पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
भारत ने पाकिस्तान को दिया 212 रन का लक्ष्य
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत का T20I में सबसे बड़ा स्कोर है।
भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी 9 गेंदों में 15 रन बनाकर तीसरे ओवर में सईम अयूब का शिकार बने। उनकी पारी में दो छक्के शामिल रहे। सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़े।
इसके बाद संजू सैमसन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। वह 4 गेंदों में 2 रन बनाकर अहमद दानियाल की गेंद पर चौथे ओवर में आउट हुए।
अभिषेक शर्मा ने जड़ा तूफानी अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 61 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े।
अभिषेक को अराफात मिन्हास ने आठवें ओवर में स्टंप आउट किया। इसके बाद अराफात ने 14वें ओवर में ईशान किशन को भी आउट किया। ईशान ने 18 गेंदों में 20 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे।
ईशान ने श्रेयस अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। अय्यर ने 24 गेंदों में दो चौकों की मदद से 21 रन बनाए और 15वें ओवर में अबरार अहमद की गेंद पर आउट हुए। उस समय भारत का स्कोर 133 रन था।
तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में बढ़ाई रफ्तार
इसके बाद शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने भारत की पारी को तेज गति दी। दोनों ने छठे विकेट के लिए 30 गेंदों में 62 रन की साझेदारी की।
दानियाल ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे को आउट किया। दुबे ने 15 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाए।
वहीं उपकप्तान तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए। भारत ने आखिरी चार ओवर में 69 रन बटोरे और पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा।