हाइलाइट्स :
• परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करते मिला था छात्र
• ChatGPT पर प्रश्नपत्र अपलोड कर उत्तर लेने की कोशिश की थी
• संस्थान के अनुसार छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई
• घटना की परिस्थितियों की संबंधित अधिकारी कर रहे जांच
आईआईटी IIT बॉम्बे के ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के द्वितीय वर्ष के एक छात्र की शुक्रवार शाम उसके छात्रावास के कमरे में मौत हो गई। संस्थान ने छात्र के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उसके परिजनों और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
आईआईटी बॉम्बे के अनुसार, उसी दिन परीक्षा के दौरान छात्र को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पाया गया था। संस्थान ने बताया कि छात्र ने परीक्षा के प्रश्नपत्र को ChatGPT पर अपलोड कर उसके उत्तर हासिल करने का प्रयास किया था।
संस्थान के मुताबिक, इस मामले में छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। घटना को लेकर प्रशिक्षक, फैकल्टी सलाहकार और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बातचीत की थी। संस्थान के अनुसार, उसे परामर्श दिया गया और यह भी आश्वस्त किया गया था कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इसके बाद छात्र अपने छात्रावास के कमरे में लौट गया। शाम को उसे कमरे में मृत पाया गया। संस्थान ने बताया कि छात्र की मौत की परिस्थितियों की संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।
आईआईटी बॉम्बे ने कहा कि वह इस घटना से बेहद दुखी है और छात्र के परिवार, मित्रों, सहपाठियों, शिक्षकों तथा इस घटना से प्रभावित अन्य लोगों को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। संस्थान ने छात्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उसके परिवार के प्रति संवेदना जताई है।