विश्वकप हॉकी 2026
|
स्कोरछ भारत-2, चीन-2
भारत की तरफ से नवनीत कौर, दीपिका ने किए गोल
|
FIH Hockey World Cup: ओलम्पिक की रजत पदक विजेता टीम चीन को भारतीय महिलाओं ने विश्वकप हॉकी प्रतियोगिता के अपने पहले मैच में ड्रॉ पर रोककर अपने अभियान की शुरुआत की।
बेल्जियम एवं नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे विश्वकप में रविवार 16 अगस्त 2026 को भारतीय महिला टीम ने 2024 ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीन को कड़ी टक्कर देते हुए 2-2 से ड्रॉ पर रोक दिया। अम्स्टेलवीन में खेले गए मुकाबले में भारत की ओर से नवनीत और दीपिका ने गोल किए।
पूल डी का यह मुकाबला शुरू हुआ तो भारतीय टीम ने आक्रामक रुख़ अख़्तियार किया। लालरेमसियामी की सक्रियता से भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इसे गोल में नहीं बदला जा सका। चीन की रक्षा पंक्ति ने इस खतरे को टाल दिया। भारत को 8वें मिनट में सफलता मिली। नेहा ने डी के बाहर से गेंद सर्किल में भेजी, जिस पर नवनीत ने अंतिम टच देते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। भारत ने 1-0 की बढ़त मिल गई।
पेनाल्टी स्ट्रोक से बराबरी
चीन ने धीरे-धीरे दबाव बनाना शुरू किया। 14वें मिनट में चीन को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला। भारत ने इस फैसले को चैलेंज किया लेकिन मैदानी अंपायर का फैसला बरकरार रहा। चीन की झांग यिंग ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
भारत ने ली बढ़त
दूसरे क्वार्टर में भारत ने एक बार फिर आक्रमण करना शुरू किया। दीपिका ने शानदार कोशिश की और बेसलाइन तक पहुंचकर फाउल हासिल किया। इसके परिणामस्वरूप भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। दीपिका ने इस पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
चीन का पेनाल्टी कॉर्नर बेकार हुआ
दूसरे हाफ में चीन ने रणनीति बदली और भारतीय टीम पर लगातार दबाव बनाना शुरू किया। भारतीय गोलकीपर सविता ने कई बचाव किए। 39वें मिनट में चीन को पेनल्टी कॉर्नर मिला। मा निंग ने शानदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर गेंद को भारतीय गोलपोस्ट के भीतर पहुंचा दिया और स्कोर 2-2 बराबर हो गया।
बराबरी पर छूटा मुकाबला
चौथे क्वार्टर में चीन ने विजयी गोल के लिए लगातार हमले किए, जबकि भारतीय टीम ने भी जवाबी हमलों के जरिए मौका बनाने की कोशिश की । 52वें मिनट में नवनीत के कटबैक पर लालरेमसियामी को अच्छा मौका मिला, लेकिन चीनी डिफेंस ने उसे रोक दिया।
मैच के अंतिम मिनटों में चीन को पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसे नाकाम कर दिया। खेल का निर्धारित वक्त खत्म होने पर दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं।
भारत का अगला मैच
पूल डी में शुरुआती मुकाबलों के बाद इंग्लैंड 4-0 की जीत के साथ शीर्ष पर है। भारत और चीन के खाते में एक-एक अंक है, जबकि दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर है।भारतीय महिला हॉकी टीम अब 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना अगला पूल डी मुकाबला खेलेगी।