अवैध संबंधों में पति बना बाधा, पत्नी-प्रेमी ने रची हत्या की साजिश
फरीदाबाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों के बीच चल रहे अवैध संबंधों का पति सुमन को पता चल गया था, जिसके बाद वह उनके लिए बड़ी बाधा बन गया। इसी कारण पत्नी कविता और उसके प्रेमी रियाउल ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वारदात को हादसा दिखाने और पहचान छुपाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, ताकि मामला ट्रेन से कटकर मौत का लगे।
गुमशुदगी की शिकायत से खुली हत्या की परतें
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 18 जनवरी को सन्नी, निवासी जिला गोड्डा (झारखंड) ने अपने भाई सुमन की गुमशुदगी की शिकायत पुलिस चौकी सेक्टर-46 में दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सन्नी ने सुमन की पत्नी कविता और उसके प्रेमी के बीच अवैध संबंध होने का शक जताया। इसी एंगल पर पुलिस ने जब गहन पूछताछ की तो पूरा हत्याकांड सामने आ गया। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी कविता (29) और उसके प्रेमी रियाउल (30) को गिरफ्तार कर लिया।
रेलवे ट्रैक पर शव फेंककर छुपाने की कोशिश
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 30 नवंबर 2025 को मेवला महाराजपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास सुमन के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या की गई। इसके बाद शव का चेहरा रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया, ताकि पहचान न हो सके और मामला दुर्घटना लगे। वारदात के बाद आरोपी पत्नी झारखंड चली गई थी। पुलिस ने बताया कि कविता मूल रूप से झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली है, जबकि रियाउल पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का निवासी है। दोनों फिलहाल फरीदाबाद में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।