दिल्ली के नरेला में दिवाली की रात पटाखा जलाते समय हुए हादसे में 10 साल के बच्चे की जान चली गई। बच्चा अपने घर के सामने हाथ में अनार पकड़कर जला रहा था, तभी पटाखा फट गया। विस्फोट इतना गंभीर था कि बच्चे की छाती पर चोट लगी और वह बुरी तरह झुलस गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह घटना 8 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे हुई। बच्चे को हादसे के बाद नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था। रात करीब 10:50 बजे अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना मिली कि बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया है।
अनार फटने से छाती पर लगी चोट, अस्पताल ने मृत घोषित किया
पुलिस के अनुसार, बच्चा घर के सामने हाथ में अनार लेकर उसे जला रहा था। इसी दौरान पटाखा अचानक उसके हाथ में ही फट गया। विस्फोट के कारण उसकी छाती पर चोट आई और जलने से भी उसे गंभीर नुकसान पहुंचा।
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, बच्चे की मौत पटाखा फटने से लगी चोटों और जलने के कारण हुई। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है।
नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की रबर फैक्ट्री में भी लगी आग
दिवाली की रात नरेला में ही आग लगने की एक दूसरी घटना भी सामने आई। नरेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक रबर फैक्ट्री में रविवार रात करीब 8 बजकर 33 मिनट पर आग लगने की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा को मिली।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 7 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इसके बाद घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया।
फैक्ट्री में आग से कोई हताहत नहीं
इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मुंबई में भी दिवाली की रात आग लगने की 25 से ज्यादा घटनाएं
दिवाली की रात मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भी आग लगने की कई घटनाएं दर्ज की गईं। अब तक 25 से ज्यादा घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें अंधेरी, डोंगरी, कांदिवली और विद्याविहार सहित कई इलाके शामिल हैं।
पटाखे जलाते समय बच्चों की सुरक्षा का रखें खास ध्यान
दिवाली का त्योहार भले ही बीत गया हो, लेकिन आने वाले दिनों में भी बच्चों के पटाखे जलाने का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में माता-पिता के लिए जरूरी है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही न बरतें।
बच्चों को पटाखे जलाते समय किसी तरह का स्टंट न करने और उनसे उचित दूरी बनाए रखने की सीख दें। साथ ही, उन्हें परिवार के किसी बड़े की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें।
नरेला में हुए हादसे ने दिखाया है कि पटाखे के साथ की गई छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए सावधानी बरतें और बच्चों को सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करें।