नोएडा में दिवाली के बाद प्रदूषण का कहर, आधी रात AQI 1061 तक पहुंचा; सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित

नोएडा में दिवाली के बाद प्रदूषण का कहर, आधी रात AQI 1061 तक पहुंचा; सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित
हाइलाइट्स
• दिवाली की रात नोएडा का AQI 1061 तक पहुंचा।
• सुबह सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित, AQI 427 दर्ज।
• सेक्टर-36 के पार्क में पटाखे की चिंगारी से लगी आग।

दिवाली पर हुई आतिशबाजी का असर नोएडा की हवा पर साफ दिखाई दिया। पटाखों से निकले धुएं के कारण शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) दिवाली की रात 12 बजे 1061 तक पहुंच गया। हालात इतने खराब हो गए कि खुले में सांस लेना भी मुश्किल महसूस होने लगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, त्योहार के अगले दिन सोमवार सुबह भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक बना रहा।

सुबह 9 बजे नोएडा का औसत AQI 341 दर्ज किया गया। इस दौरान सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 427 तक पहुंच गया। दिन चढ़ने के साथ प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव जरूर हुआ, लेकिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही।

रातभर आतिशबाजी से बढ़ा प्रदूषण, कई सेक्टरों में बिगड़े हालात

दिवाली की रात नोएडा के सेक्टर-18, सेक्टर-27, सेक्टर-62, सेक्टर-75, सेक्टर-76 और सेक्टर-137 समेत कई इलाकों में देर रात तक पटाखे जलाए गए। आतिशबाजी से निकले धुएं और सूक्ष्म कणों ने हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ा दिया।

इसका असर सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों और खुले में काम करने वालों पर भी पड़ने की आशंका है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह शहर के अलग-अलग सेक्टरों में AQI का स्तर काफी अलग-अलग रहा।

सुबह 9 बजे तक सेक्टरवार AQI

सेक्टर

AQI

CPCB श्रेणी

सेक्टर 116

282

खराब (Poor)

सेक्टर 125

309

बेहद खराब (Very Poor)

सेक्टर 1

331

बेहद खराब (Very Poor)

सेक्टर 39

334

बेहद खराब (Very Poor)

सेक्टर 150

340

बेहद खराब (Very Poor)

सेक्टर 110

367

बेहद खराब (Very Poor)

सेक्टर 62

427

गंभीर (Severe)

इस सूची में सेक्टर-116 का AQI सबसे कम 282 रहा, जबकि सेक्टर-62 में यह सबसे अधिक 427 दर्ज किया गया।

प्रदूषण से बचने के लिए बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी की सलाह

जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप शैलत के अनुसार, प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

उन्होंने सुबह और शाम खुले में व्यायाम करने से बचने तथा जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

सेक्टर-36 के पार्क में पटाखे की चिंगारी से लगी आग

प्रदूषण के अलावा नोएडा के सेक्टर-36 में पटाखे की चिंगारी से पार्क में आग लगने की घटना भी सामने आई। पटाखे से निकली चिंगारी पेड़ों तक पहुंच गई, जिससे उनमें आग लग गई। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी।

इसके बाद आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकले और सुरक्षा टीम को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर सेक्टर-36 की विजिलेंस टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।