दिल्ली के उत्तरी-पश्चिमी जिले में एक ख़तरनाक गैंग को गिरफ्तार किया गया है, जिसे 'गुलाब गैंग' कहा जा रहा है। इन आरोपियों के दाहिने हाथ की पिछली तरफ गुलाब का टैटू बना हुआ था। पुलिस का कहना है कि अगर किसी के हाथ पर ऐसा टैटू हो, तो उससे सावधान रहना चाहिए, क्योंकि यह लोग इलाके में बाइक चोरी और मोबाइल छीना झपटी जैसी वारदातें करते थे।
केशवपुरम थाना पुलिस ने इस गैंग के चार शातिर अपराधियों को पकड़ा है। इनके नाम हैं निखिल, रोहित, आकाश और दीपक। इनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिल, एक बुलेट और सात मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गैंग वारदातों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालकर लोगों में दहशत फैलाते थे।
उत्तर-पश्चिमी जिले के डीसीपी जितेंद्र मीना ने बताया कि 8 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि गैंग के सदस्य इलाके में वारदात करने आएंगे। पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग लगाई और तभी तीन युवक स्कूटी पर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। पुलिस ने उनका पीछा किया और पकड़ लिया। उनके चौथे साथी को ब्रिटानिया चौक से गिरफ्तार किया गया।
इस गैंग के सभी सदस्य अपने दाहिने हाथ के पीछे गुलाब का टैटू बनवाए हुए थे। ये लोग अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते और स्टंट करते हुए बाइक की वीडियो डालते थे। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद चोरी और झपटमारी के 14 मामले सुलझाए जा चुके हैं।