जिम्बाब्वे के खिलाफ क्लीन स्वीप का हीरो यहां जानिए

जिम्बाब्वे के खिलाफ क्लीन स्वीप का हीरो यहां जानिए

सीरीज़ में जीत उस स्टैंडर्ड को दिखाती है जिसे कोई टीम हर दिन बनाए रखती है। इस पूरे टूर के दौरान इस ग्रुप ने जो कमिटमेंट, हिम्मत और निस्वार्थ भाव दिखाया है, उस पर मुझे गर्व है।

भारतीय टीम के जिम्बाब्वे के ख़िलाफ़ तीसरा टी20 जीतने के साथ सीरीज़ अपने नाम करने पर यह भावना पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने व्यक्त की है।

तीसरे टी20 T20 और सीरीज़ में जीत के नायक पन्द्रह साल के वैभव सूर्यवंशी रहे जिन्हें न सिर्फ प्लेयर ऑफ द मैच का ख़िताब मिला बल्कि वह प्लेयर ऑफ द सीरीज़ भी घोषित किये गये।

वैभव Vaibhav Sooryavanshi की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय टीम ने तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में रविवार को मेजबान जिम्‍बाब्‍वे को 35 रन से हराकर क्‍लीन स्‍वीप किया। हरारे स्‍पोर्ट्स क्‍लब में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए ।

जवाब में उतरी जिम्‍बाब्‍वे की टीम 7 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी। श्रेयस अय्यर की कप्‍तानी में भारत ने पहली बार टी20 सीरीज में क्‍लीन स्‍वीप किया है। इससे पहले भारत को आयरलैंड और इंग्‍लैंड के हाथों शर्मनाक हार मिली थी।

'मेमोरेबल फर्स्ट' जीत के बाद श्रेयस ने टीम और ट्राफी के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की जिसे आप नीचे दिये लिंक पर देख सकते हैं-

खराब शुरुआत

पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की ओपनिंग एक बार फिर खराब रही। ब्लेसिंग मुजरबानी ने लगातार तीसरे मैच में अभिषेक शर्मा (02) को आउट किया। अभिषेक ने सीरीज में सिर्फ 11 रन बनाए। 

वैभव की फिफ्टी

पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। ईशान  लय में नजर नहीं आए और 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्‍तान श्रेयस अय्यर के बल्‍ले से भी 27 रन ही निकले।

वैभव ने 31 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। 15 साल के इस बैटर ने 8 चौकों और 4 छक्‍कों की बदौलत 49 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली।

वैभव के नाम रिकॉर्ड

इसके साथ ही वैभव ने इतिहास भी रच दिया। वह  इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 साल से पहले सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले पुरुष बैटर बन गए हैं। वैभव ने नेपाल के कुशल मल्‍ला को पीछे छोड़ दिया है। मल्‍ला ने 1 बार यह काम किया था। वहीं वैभव अब तक 2 फिफ्टी लगा चुके हैं। पहले टी20 में वैभव ने 19 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली थी।

20वें ओवर की आखिरी गेंद पर रिंकू सिंह कैच आउट हुए। रिंकू ने 14 गेंदों पर 25 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा 9 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे। ब्रैड इवांस के खाते में 2 विकेट आए।

जिम्बाब्वे शुरु में ही लड़खड़ाया

193 रन की चुनौती लेकर उतरी जिम्‍बाब्‍वे टीम को पावरप्‍ ले में ही 3 झटके लग गये। पहले ओवर की पहली गेंद पर ही मयंक यादव ने ब्रायन बेनेट (0) का शिकार कर खास रिकॉर्ड बनाया। चौथे ओवर में यश ठाकुर ने जिम्‍बाब्‍वे को बैक टू बैक झटके दिए। उन्‍होंने चौथी गेंद पर डायोन मायर्स (19) और 5वीं गेंद पर कप्‍तान सिकंदर रजा (0) का शिकार किया। बेन करन (20) के रूप में जिम्‍बाब्‍वे को चौथा झटका लगा।

मयंक ने बिखेरा जलवा

मयंक ने एक बार फिर भारतीय टीम की वापसी कराई। तेज गेंदबाज ने रयान बर्ल और वेस्ली मधेवेरे के बीच 50 गेंदों पर हुई 60 रनों की साझेदारी को तोड़ा। मयंक ने वेस्‍ली का विकेट अपने नाम किया। वेस्‍ली ने 25 गेंदों पर 28 रन बनाए। विकेटकीपर तदिवानाशे मारुमनी (1) सस्‍ते में आउट हुए।

आखिरी ओवर में ब्रैड इवांस (14) कैच आउट हुए। रयान बर्ल 54 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से मयंक यादव ने 3 विकेट चटकाए। यश ठाकुर को 2 सफलताएं मिली। वहीं अशोक शर्मा और रवि बिश्‍नोई के खाते में 1-1 विकेट आया।

वीवीएस लक्ष्मण ने इस जीत पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘ खिलाड़ियों को बधाई और सपोर्ट स्टाफ़ को उनकी अटूट लगन के लिए धन्यवाद। मुझे पूरा भरोसा है कि यह टीम लगातार बेहतर करने की चाहत और सबसे ऊँचे स्टैंडर्ड को बनाए रखने के पक्के इरादे के साथ आगे बढ़ेगी। ‘

लक्ष्मण ने भारतीय क्रिकेट टीम से जो अपेक्षा जताई है वही हर भारतीय क्रिकेट प्रेमी की भी है।