- 'किंग' के गाने में दीपिका पादुकोण के साथ दिखी रोमांटिक केमिस्ट्री
- अरिजीत सिंह और एड शीरन ने दी अपनी आवाज
- रितेश और जेनेलिया ने खास अंदाज में दी बधाई
- 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म 'किंग'
|
Shah Rukh Khan 61st Birthday: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान आज सोमवार, 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके को उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिए और यादगार बना दिया। शाहरुख ने अपनी आगामी फिल्म 'किंग' का पहला गाना 'तू मिल जाए' रिलीज कर दिया है। इस गाने में उनके साथ दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं। रोमांस, संगीत और एक्शन की झलक से सजे इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि इसमें मशहूर गायक अरिजीत सिंह के साथ अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार एड शीरन की आवाज और रैप का भी अनूठा मेल देखने को मिला है।
जन्मदिन पर प्रशंसकों को दिया 'तू मिल जाए' का तोहफा
शाहरुख खान ने अपने 61वें जन्मदिन पर फिल्म 'किंग' का पहला गाना रिलीज करके प्रशंसकों को खास तोहफा दिया। 'तू मिल जाए' एक रोमांटिक और जोशीला गाना है। इसमें शाहरुख और दीपिका की जोड़ी खूबसूरत लोकेशनों पर रोमांस करती नजर आती है। गाने की शुरुआत शाहरुख के एक दमदार संवाद से होती है, जिसमें वह कहते हैं, 'मैं कातिल नहीं, आशिक हूं और निशाना मेरी माशूका।' इसके बाद गाने में दोनों कलाकारों के रोमांटिक दृश्य और डांस सीक्वेंस दिखाई देते हैं। बीच-बीच में फिल्म के एक्शन दृश्यों की झलक भी मिलती है। गाने के अंत में शाहरुख का एक और संवाद फिल्म के किरदार के आक्रामक अंदाज की ओर इशारा करता है।
अरिजीत की आवाज और एड शीरन के रैप का संगम
इस गाने को अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है, जबकि एड शीरन ने इसमें अंग्रेजी रैप किया है। इसका संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है और गीत के बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने की कोरियोग्राफी पीयूष-शाजिया ने की है। शाहरुख और दीपिका की जोड़ी इससे पहले भी कई फिल्मों में दर्शकों का मनोरंजन कर चुकी है। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को देखते हुए इस गाने को फिल्म के प्रचार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुंबई के सी लिंक पर दिखा 'किंग' का जलवा
शाहरुख के जन्मदिन पर मुंबई में भी फिल्म 'किंग' को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। बांद्रा-वर्ली सी लिंक को फिल्म की ब्रांडिंग और प्रचार संदेशों से रोशन किया गया। मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में लगे होर्डिंग और बिलबोर्ड पर 'अकेला काफी है' जैसे संदेशों के जरिए फिल्म का प्रचार किया गया। वहीं, शाहरुख के आवास मन्नत के बाहर भी प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटी। हालांकि, इस बार अभिनेता ने अपने जन्मदिन पर घर की बालकनी से प्रशंसकों का अभिवादन करने की परंपरा नहीं निभाई। उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिए एक हस्तलिखित संदेश साझा कर उनके प्यार और शुभकामनाओं के लिए आभार जताया।
रितेश देशमुख और जेनेलिया ने दी खास बधाई
शाहरुख खान के जन्मदिन पर फिल्मी दुनिया की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अभिनेता रितेश देशमुख ने एक्स पर शाहरुख के साथ अपने आत्मीय रिश्ते का जिक्र करते हुए लिखा, 'हैप्पी बर्थडे शा भाई। आप हमेशा हम सबके दिलों के किंग रहेंगे। आपका दिन हंसी और प्यार से भरा रहे। फिल्म किंग में ब्लॉकबस्टर होने के सभी संकेत हैं। 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में इसका जादू देखने का इंतजार नहीं हो रहा। आई लव यू।'
रितेश की पत्नी और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी शाहरुख को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'हैप्पी बर्थडे डियरेस्ट शाहरुख। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और हमेशा करते रहेंगे। किंग का बेसब्री से इंतजार है। जल्द मुलाकात होगी। आपको ढेर सारा प्यार और एक बड़ा सा हग।' दोनों की शुभकामनाओं को प्रशंसकों ने भी खूब पसंद किया।
अजय देवगन, अनिल कपूर और फराह खान ने भी किया विश
शाहरुख को जन्मदिन की बधाई देने वालों में अभिनेता अजय देवगन भी शामिल रहे। उन्होंने शाहरुख के साथ पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'तस्वीर पुरानी है और दोस्ती भी... जन्मदिन मुबारक हो, शाहरुख।' अभिनेता अनिल कपूर ने भी पुरानी यादों के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि वर्षों की हंसी, अनगिनत यादों और उनके आकर्षण में आज भी कोई कमी नहीं आई है।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने शाहरुख को अपना हमेशा का 'बाजीगर' बताते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और प्यार की कामना की। फिल्मकार फराह खान ने फिल्म के नए गाने का जिक्र करते हुए लिखा, 'बर्थडे तुम्हारा, गिफ्ट हमारा।' आयुष्मान खुराना ने भी शाहरुख को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। संगीतकार हिमेश रेशमिया ने गाने की तारीफ करते हुए इसे शानदार बताया। अभिनेता राहुल देव और गायक अमाल मलिक ने भी शाहरुख के लिए शुभकामना संदेश साझा किए। वहीं, रजत शर्मा ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए हमेशा चमकते रहने की कामना की।
24 दिसंबर को रिलीज होगी 'किंग'
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म 'किंग' शाहरुख खान की आगामी एक्शन थ्रिलर है। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है। इसमें शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और बॉबी देओल समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म से सुहाना खान का थिएटर में मुख्य भूमिका के साथ डेब्यू भी खास आकर्षण है। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ऐसे में जन्मदिन पर गाने की रिलीज ने फिल्म को लेकर प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।