दलेर मेहंदी विवाद में सुबोध उनियाल का नया बयान, बोले- माफी नहीं मांगूंगा, इस्तीफा दे दूंगा

दलेर मेहंदी विवाद में सुबोध उनियाल का नया बयान, बोले- माफी नहीं मांगूंगा, इस्तीफा दे दूंगा
हाइलाइट्स
• सुबोध उनियाल बोले- माफी मांगने से बेहतर इस्तीफा देना पसंद करूंगा
• दलेर मेहंदी को लेकर पुराने बयान पर मंत्री ने दी सफाई
• मीका सिंह और कपिल शर्मा ने जताया था विरोध, CM धामी ने की थी बातचीत

दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मंत्री का एक और बयान चर्चा में है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। वायरल वीडियो में सुबोध उनियाल कहते सुनाई दे रहे हैं, 'मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, माफी नहीं मांगूंगा। जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है।'

यह विवाद टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान शुरू हुआ था। उस कार्यक्रम में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर मंत्री ने मंच पर ही उन्हें टोक दिया था। इसके बाद मंत्री के बयान पर बॉलीवुड के कई लोगों ने भी आपत्ति जताई थी।

दलेर मेहंदी को लेकर दिए गए बयान पर मंत्री ने दी सफाई

इससे पहले सुबोध उनियाल का एक बयान वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी नशे में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उन्हें नहीं पता कि वह किस चीज के नशे में थे। मंत्री के मुताबिक, इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण कराना उनके लिए संभव नहीं था।

उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी। सुबोध उनियाल का कहना था कि अगर गायक की तबीयत ठीक नहीं थी तो उन्हें कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या फिर कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था।

मंत्री ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए 35 लाख रुपये लिए गए थे और होटल में ठहरने की अलग से व्यवस्था की गई थी। उनका उद्देश्य संगीत को बदनाम करना नहीं था, लेकिन जब दलेर मेहंदी 45 मिनट तक ठीक से परफॉर्म नहीं कर पाए तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने उन्हें टोका। उन्होंने कलाकारों के सम्मान की बात करते हुए कहा कि कलाकार को भी अपने सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।

18 अक्टूबर को कुंजापुरी मेले में हुआ था विवाद

दरअसल, 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए और मंच पर पहुंचकर उन्हें टोक दिया।

मंत्री ने कहा था कि उन्हें इसलिए बुलाया गया है ताकि वहां मौजूद लोगों का मनोरंजन हो सके। उन्होंने दलेर मेहंदी से कहा कि इतने बड़े नाम वाले कलाकार को अपनी प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही सवाल उठाया कि जब उनसे ठीक से बोला नहीं जा रहा तो वह गाना कैसे गाएंगे।

इस पर दलेर मेहंदी ने जवाब देते हुए कहा था कि सर, आपने मुझे इज्जत से बुलाया है। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि वह पांडाल में बैठ जाएं, क्योंकि वे अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।

मीका सिंह के विरोध के बाद CM धामी ने की थी बातचीत

सुबोध उनियाल के बयान पर बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह, कपिल शर्मा और अन्य लोगों ने विरोध जताया था। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने मीका सिंह से फोन पर बातचीत कर दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर चर्चा की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल में दूर किया जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने दलेर मेहंदी से भी बातचीत की थी।