अमिताभ बच्चन बुरी तरह भड़के, 5 करोड़ फॉलोअर्स का हवाला देकर दी चेतावनी

अमिताभ बच्चन बुरी तरह भड़के, 5 करोड़ फॉलोअर्स का हवाला देकर दी चेतावनी
  • भगवान कृष्ण की प्रार्थना को गलत संदर्भ में पेश करने पर नाराज हुए बिग बी
  • हेडलाइन का स्क्रीनशॉट साझा कर जताया विरोध
  • 5 करोड़ फॉलोअर्स और 10 प्रतिशत के हवाले से दी चेतावनी
  • मीडिया को बताया देश का पांचवां स्तंभ, रिपोर्टिंग पर उठाए सवाल
  • अमिताभ बोले, गलती होने पर हम तुरंत माफी मांगते हैं

Amitabh Bachchan Slams Media: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने मीडिया की रिपोर्टिंग पर बेहद तीखे अंदाज में नाराजगी जाहिर की है। भगवान कृष्ण की प्रार्थना को कथित तौर पर गलत संदर्भ में पेश किए जाने से आहत बिग बी ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट लिखकर मीडिया को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट की हेडलाइन साझा करते हुए आरोप लगाया कि उनके धार्मिक उद्घोष को विरोधियों के लिए चुनौती के रूप में पेश किया गया। बच्चन ने अपने 5 करोड़ फॉलोअर्स का हवाला देते हुए मीडिया को चेतावनी भी दी। उनकी पोस्ट में नाराजगी के साथ-साथ आक्रामक तेवर साफ दिखाई दिए।

‘हाथी घोड़ा पालकी’ को बताया भगवान कृष्ण की प्रार्थना

अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ भगवान कृष्ण के लिए प्रार्थना स्वरूप अक्सर बोला जाने वाला उद्घोष है। उनका आरोप है कि मीडिया ने इसे तोड़-मरोड़कर ऐसे प्रस्तुत किया, मानो वह अपने विरोधियों को चुनौती दे रहे हों कि वे हाथी-घोड़े लेकर आएं और वह अपने हथियारों से मुकाबला करेंगे।

बिग बी ने इस व्याख्या को धार्मिक भावनाओं का निरादर बताते हुए कहा कि एक ओर ‘जय श्री कृष्ण’ के उद्घोष का अपमान किया गया, दूसरी ओर उनके शब्दों को पलटकर विरोधियों को चुनौती देने वाली बात बना दिया गया।

हेडलाइन साझा कर जताई नाराजगी

अमिताभ ने उस हेडलाइन को भी अपनी पोस्ट में साझा किया, जिसमें लिखा था- ‘अमिताभ बच्चन ने विरोधियों की धमकी पर कसा तंज, क्रिप्टिक पोस्ट लिखकर निकाली भड़ास- जाओ, ले आओ अपने हाथी घोड़े।’

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने मीडिया को बेतुका, हास्यास्पद और असंगत बताया। बच्चन ने मीडिया को देश का ‘5th Column’ यानी पांचवां स्तंभ बताते हुए उसके सामाजिक सम्मान और जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाए।

50 मिलियन फॉलोअर्स हैं, 10 प्रतिशत भी तैयार बैठे हैं

अमिताभ बच्चन ने मीडिया को संबोधित करते हुए लिखा, ‘सुन लो कान फाड़ के मीडिया वालो।’ इसके बाद उन्होंने अपने 50 मिलियन यानी 5 करोड़ फॉलोअर्स का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस दिन वह इशारा करेंगे, उनमें से केवल 10 प्रतिशत लोग ही ‘ठोकने के लिए तैयार बैठे हैं।’

बिग बी ने आगे लिखा कि मीडिया जितनी उनके शब्दों की उलट-पलट कर निंदा करेगा, उनके फॉलोअर्स के पास उससे 100 गुना ज्यादा करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि बस उनके बोलने की देर है। उनकी इस टिप्पणी को मीडिया के खिलाफ बेहद आक्रामक चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।

गलती होने पर माफी मांगने की बात, अपना दर्द नहीं बताएंगे

अमिताभ ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि उनसे कोई गलती हो जाए तो वह तुरंत क्षमा मांगते हैं और सुधार करने का प्रयास करते हैं। हालांकि, उन्हें लगता है कि मीडिया के मामले में गलती को स्वीकार करने और सुधारने की जिम्मेदारी नहीं निभाई जाती।

पोस्ट के अंत में उन्होंने कहा कि वह एक पीड़ित व्यक्ति के तौर पर अपना स्नेह और प्यार व्यक्त करते हुए सोने जा रहे थे, लेकिन अब खुद को पीड़ित नहीं कहेंगे। उन्होंने लिखा कि अपनी पीड़ा पर अधिकार केवल उनका है और वह मीडिया के सामने अपना दर्द साझा नहीं करना चाहते।

बिग बी की इन पोस्टों के बाद सोशल मीडिया पर उनकी नाराजगी और मीडिया के प्रति दिए गए बयान चर्चा का विषय बन गए हैं।