अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर सरकार को घेरने में जुटी काँग्रेस के एक नेता ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर एक ऐसी टिप्पणी कर दी जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
काँग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी चढ़ावा चोरी को लेकर मीडिया से मुख़ातिब थे और उन्होंने आरोप लगाया कि BJP प्रभु श्री राम के नाम पर काफी पहले से लूट कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जब नरेंद्र मोदी अयोध्य गए, तो तैयारियों पर 112 करोड़ रुपए खर्च हुए। 5 से 10 गुना ज्यादा दाम पर फूल खरीदे, कुर्सियों का पैसा इतना ज्यादा था कि नई कुर्सियां आ जाती।
उन्होंने कहा कि श्री राम मंदिर ट्रस्ट में एक-एक आदमी को नरेंद्र मोदी ने चुना, मंदिर के कर्मचारी BJP से जुड़े हुए लोग रखे गए। तो मंदिर से 'चढ़ावा चोरी' होने पर नरेंद्र मोदी बच नहीं सकते।
तिवारी ने कहा कि BJP 'चढ़ावा चोरी' को भुलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उन्हें जवाब देना ही होगा।’हमारी मांग है कि सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में SIT जांच करे। ‘
लेकिन इससे इतर सोशल मीडिया पर तिवारी का एक और वीडियो शेयर हो रहा है जिसमें वह कहते दिखाई दे रहे हैं , ‘ भगवान राम ने भी जब यज्ञ किया था अश्वमेध का तो सीताजी की मूर्ति पत्थर की बनवा कर, बग़ल में रखकर तब यज्ञ किया था। मैं तो ढूंढता रहा जब मोदी जी मंदिर का पूजन कर रहे थे हमको तो सीता मइया दिखाई नहीं पड़ीं।’